-अर्थशास्त्र के पेपर में पकड़ा एक नकलची
यूपी बोर्ड परीक्षा में मंगलवार को हुई हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षा में 392 परीक्षार्थी गैरहाजिर रहे। इसमें संगीत-गायन की परीक्षा में 167 में से 160 परीक्षार्थी उपस्थित रहे, जबकि सात अनुपस्थित रहे। अर्थशास्त्र की परीक्षा में 3609 में से 3224 परीक्षार्थी उपस्थित रहे। 385 ने परीक्षा छोड़ दी। नकल को रोकने के लिए विभाग की ओर से की जा रही छापेमारी में इंटरमीडिएट अर्थशास्त्र के पेपर में मचलई के दयानंद विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में एक नकलची पकड़ा गया।
वहीं, शिक्षा विभाग के अफसरों को कुछ परीक्षा केंद्रों पर नकल होने की शिकायतें लगातार मिल रही हैं। परीक्षा के लिए जिले में 111 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इनमें से कुछ केंद्र ऐसे इलाकों में हैं, जहां तक पहुंचना आसान नहीं है। शहर के ही अहिल्याबाई बीसी इंटर कॉलेज को केंद्र बनाया गया है, जबकि संकरी गलियों में से होते हुए किसी वाहन से विद्यालय तक पहुंचना सचल दलों के लिए बड़ी चुनौती है। मंगलवार को हुई इंटरमीडिएट की परीक्षा के दौरान कुछ केंद्रों पर परीक्षार्थियों के सीटिंग प्लान का कोई ध्यान न रखे जाने की शिकायतें भी डीआईओएस को मिलीं। डीआईओएस राकेश कुमार का कहा है कि केंद्र व्यवस्थापक को इस बाबत हिदायत दी गई है। गड़बड़ी पर कार्रवाई होगी। परीक्षा केंद्रों पर कक्ष निरीक्षकों की कमी भी देखी जा रही है। इसके लिए डीआइओएस राकेश कुमार ने कक्ष निरीक्षकों की डिमांड पूरी करने के लिए बीएसए और खंड शिक्षा अधिकारी को लिखा है।