शाहजहांपुर। कोलोकेटेड आंगनबाड़ी केंद्रों पर ईसीसीई (अर्ली चाइल्डहुड केयर एंड एजुकेशन) एजुकेटर की भर्ती में आवेदन प्रक्रिया को पूरा कर लिया गया है। 160 पदों के लिए 3526 आवेदन आए हैं। जांच के बाद रेंडम सूची निकाली जाएगी।
ईसीसीई एजुकेटर के लिए सेवायोजना पोर्टल पर आवेदन कराए गए थे। पोर्टल के खुलते ही आवेदनों की झड़ी लग गई। शुरुआत के दो घंटों में करीब 250 आवेदन किए गए। बुधवार की रात 12 बजे तक आवेदन करने की तिथि तय थी। भर्ती के लिए 3526 लोगों ने आवेदन किया।
अधिकारियों के अनुसार, ईसीसीई एजुकेटर के लिए बीए होम साइंस योग्यता मांगी गई थी। इन्हें 10313 रुपये मानदेय दिया जाएगा। आवेदनों में रेंडम नाम निकालकर सूची बनाई जाएगी। उसके बाद साक्षात्कार के जरिये प्रवेश लिए जाएंगे। बीएसए दिव्या गुप्ता ने बताया कि आवेदन की प्रक्रिया को पूरा कर लिया गया। परिषद के दिशा-निर्देश के अनुसार ही भर्ती की जाएगी।