क्षेत्र में हो रही गोवंशीय पशुओं की तस्करी को लेकर न सिर्फ पुलिस, बल्कि क्षेत्रीय लोग भी काफी सतर्क हो गए हैं। इसी सतर्कता के चलते शुक्रवार को भटौली गांव के ग्रामीणों ने एक टैंकर पकड़वा दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पशुओं से भरा टैंकर कब्जे में ले लिया। कैंटर से 34 गोवंशीय पशु बरामद हुए, जिनमें से तीन की मौत हो चुकी थी। पुलिस ने इस मामले में एफआईआर दर्ज करके टैंकर को कस्टडी में ले लिया है, जबकि पशुओं को ग्रामीणों के सुपुर्द कर दिया।
शनिवार को दोपहर में दातागंज-बरेली मार्ग पर भटौली गांव के पास एक टैंकर खड़ा था, लेकिन टैंकर के आसपास कोई भी व्यक्ति मौजूद नहीं था। इस पर ग्रामीणों को कुछ शक हुआ तो उन लोगों टैंकर के ऊपर चढ़कर देखा। टैंकर पर चढ़ने के दौरान उन लोगों को उसमें पशु होने की आहट महसूस हुई। यह सूचना मिलते ही आसपास के तमाम ग्रामीण मौके पर एकत्रित हो गए। टैंकर के अंदर जाने के लिए काफी जद्दोजहद की गई, तो पाया कि ड्राइवर की केबिन के अंदर से टैंकर में जाने के लिए एक खिड़की लगी हुई है। इस खिड़की के अंदर जाकर लोगों ने टैंकर का दरवाजा खोला। दरवाजा खोलने के बाद उसमें भरे पशुओं को देखकर लोग हैरान रह गए, क्योंकि टैंकर में बंद अधिकांश पशु बेसुध थे। इस पर ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने 30 गायें और चार बैल एवं सांड बरामद किए। इनमें से तीन गायों की मौत हो चुकी थी। पुलिस ने पशुओं को ग्रामीणों के सुपुर्द कर दिया।
पुलिस ने जब टैंकर ले जाने के लिए स्टार्ट किया तो टैंकर स्टार्ट नहीं हो सका। इसलिए कयास लगाया गया कि पशु तस्करों ने टैकर खराब होने पर ही पशुओं को छोड़कर भागने पर मजबूर होना पड़ा। इस बारे में कोतवाल जमीरुल हसन ने बताया कि अज्ञात लोगों के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
----
भाजपाइयों ने जताया विरोध, एसडीम से नोकझोंक
दातागंज। टैंकर में 34 गोवंशीय पशु बरामद होने की सूचना पाकर भाजपा नेता राजीव गुप्ता समेत तमाम भाजपा कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे। वहां पर तीन गोवंशीय पशुओं की मौत होने से भाजपा नेताओं ने रोष बढ़ गया। वे इसका विरोध करने लगे। भाजपा कार्यकर्ताओं का हंगामा देखकर एसडीएम ओपी तिवारी ने रोकना चाहा, तो राजीव गुप्ता की उनसे नोकझोंक हो गई। इस मामले में आंवला संसदीय क्षेत्र से सांसद धर्मेंद्र कश्यप ने कई बार राजीव गुप्ता इसकी जानकारी ली। साथ ही पशुओं की दुर्दशा का सुनकर रोष व्यक्त किया।