उझानी (बदायूं)। मेन मार्केट में अतिक्रमण को लेकर परेशान नागरिकों की भले ही पहले किसी को सुध नहीं आई लेकिन शुक्रवार को एसएसपी की कार चौराहे पर जाम में फंसी तो पुलिस कर्मियों के हाथ-पैर फूल गए। कोतवाल विनोद कुमार चाहर ने ईओ संजय कुमार तिवारी से बात की। दोनों में सहमति बनी कि शनिवार से अतिक्रमण हटाओ अभियान शुरू होगा।
अतिक्रमण की चपेट में पूरा मार्केट है। अतिक्रमण को लेकर नागरिकों की परेशानी ईओ से लेकर पुलिस कर्मी भी अच्छी तरह समझते हैं लेकिन मार्केट को अतिक्रमणमुक्त कराने के लिए कई बार एलान भी किया गया था। धरातल पर कार्रवाई नजर नहीं आने से अफसरों की भूमिका पर सवाल उठने लगे। सवाल उस वक्त भी उठा जब शुक्रवार को एसएसपी अशोक कुमार कोतवाली का निरीक्षण करने के लिए मेन मार्केट में होकर निकले। चौराहे के पास ही जाम में उनकी कार फंस गई। हालांकि पुलिस कमियों ने ठेला-खोमचा वालों को खदेड़ कर कार तो निकलवा दी लेकिन एसएसपी ने कोतवाली में निरीक्षण के दौरान अतिक्रमण पर ज्यादा देर तक बात की। कोतवाल विनोद कुमार चाहर ने बताया कि अतिक्रमण हटवाने के लिए उन्होंने ईओ संजय कुमार तिवारी से बात की है। शनिवार को मेन मार्केट से अस्थायी अतिक्रमण को हटवाया जाएगा। इसे लेकर मार्केट में मुनादी भी करा दी गई है। अच्छा तो यही होगा कि दुकानदार अपने प्रतिष्ठानों के सामने से खुद ही सामान हटा लें। कार्रवाई के दौरान सामान जब्त कर लिया जाएगा।
---------
...पर जिम्मेदार तो पुलिस भी कम नहीं
उझानी। मेन मार्केट से अस्थायी अतिक्रमण हटवाने के लिए कोतवाली पुलिस अपने स्तर से भी कार्रवाई कर सकती है। सड़क को घेरकर ठेला-खोमचा लगाने वालों को नोटिस देकर चालान भी काटे जा सकते हैं लेकिन पुलिस ने न तो नो एंट्री जोन में वाहनों को रोकने की कोशिश की और न ही भीड़भाड़ वाले स्थानों पर खड़े होने वाले वाहनों के चालान काटे गए। ऐसे ही अधिकार पालिका प्रशासन को भी प्राप्त हैं। मार्केट से स्थायी अतिक्रमण के लिए पीडब्ल्यूडी के बगैर नहीं हटाया जा सकता। मेन मार्केट पीडब्ल्यूडी के अधिकार क्षेत्र में आता है।