होटल में हुए बवाल में 13 लोगों पर रिपोर्ट, पांच नामजद
बदायूं। न्यू ईयर सेलिब्रेशन के दौरान सोमवार रात शहर के नामचीन होटल कंट्री इन में बवाल हुआ था। पुलिस ने पांच-छह लोगों को मौके से हिरासत में लिया था। ड्यूटी पर तैनात रहे दरोगा हरसिंह पाल की ओर से कोतवाली में पांच लोगों को नामजद करते हुए 13 लोगों के खिलाफ बलवे की रिपोर्ट दर्ज कराई गई है, जिनमें गिरफ्तार किए दो लोगों को थाने से जमानत दे दी गई। एक दूसरी तहरीर होटल कंट्री इन के जीएम की ओर से भी दी गई, जिस पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की।
31 दिसंबर की रात होटल कंट्री इन में नए साल का कार्यक्रम आयोजित हुआ था। रात 12.15 बजे कुछ लोग खाना खा रहे थे। बाकी लोग डीजे पर डांस कर रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार डांस के दौरान ही शराब के नशे में एक युवक ने युवती से छेड़छाड़ कर दी। युवती की शिकायत पर उसके परिवार वाले भड़क गए। फिर दोनों पक्षों में गाली गलौज के बाद मारपीट हुई। इससे अफरा-तफरी मच गई। झगड़ा करने वालों ने देखते ही देखते शराब की खाली बोतलें और गमले तोड़ डाले। मारपीट के बीच एक व्यक्ति ने पिस्टल निकालकर हवा में फायर भी किया।
जानकारी मिलने पर होटल के बाहर तैनात एसआई हरसिंह पाल, सिपाही अजय और कोमल सिंह अंदर पहुंचे। लोग शांत होने के बजाय पुलिस से ही भिड़ने लगे। सिपाहियों के वीडियो बनाने पर मोबाइल छीनने की कोशिश की गई। इस बीच सूचना मिलने पर प्रभारी निरीक्षक ओमकार सिंह पुलिस और पीएसी के जवानों को लेकर मौके पर जा पहुंचे। यहां पांच-छह लोगों को हिरासत में ले लिया गया। इस मामले में दरोगा की ओर से धारा 147, 323, 504, 506, 188 के तहत रिपोर्ट दर्ज कराई गई। इनमें कार्यक्रम आयोजक, डीजे मालिक बिसौली के साहूकारा मोहल्ला निवासी शिवम गर्ग, अनमोल गर्ग, नीरज निवासी बिहारीपुर बरेली, प्रवेंद्र गोयल निवासी मोहल्ला साहूकारा उझानी, रोहित निवासी प्रेमनगर बरेली और बाकी लोग अज्ञात हैं। शिवम गर्ग और अनमोल गर्ग को थाने से जमानत पर छोड़ दिया गया।
कोतवाली में दूसरी तहरीर कंट्री इन के जीएम पंकज कुमार की ओर से दी गई, मगर पुलिस ने इस पर रिपोर्ट दर्ज नहीं की।
---
होटल में फायरिंग और छेड़छाड़ की बात सामने नहीं आई है। शराब के नशे में कुछ लोगों के बीच मारपीट हो गई थी। जिस पर पुलिस की ओर से रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। बाकी जांच के बाद पता चलेगा।
-ओमकार सिंह, इंस्पेक्टर सदर कोतवाली
-------
कार्यक्रम की बाकायदा अनुमति ली गई थी। बार का लाइसेंस भी है। कार्यक्रम में कपल और बच्चों को ही बुलाया गया था। सिंगल व्यक्ति को टिकट ही नहीं बेचा गया। सभी परिवार सहित आए थे। झगड़ा करने वाले भी परिवाले थे। जिस पर छेड़छाड़ का आरोप लगाया जा रहा है उसकी पत्नी साथ थी। होटल के बाहर पुलिस तैनात थी। शराब के नशे में दो लोग लड़ पड़े। झगड़े में आयोजक का कोई रोल नहीं है। हमने कोतवाली में तहरीर दी, लेकिन पुलिस ने हमारी रिपोर्ट नहीं लिखी।
-पंकज कुमार, जीएम होटल कंट्री इन