बदायूं। पांच दिनी त्योहार के मद्देनजर शहर के बाजारों में लोगों की जबरदस्त भीड़ उमड़ रही है। शहर के लगभग सभी चौराहों पर जाम लगना आम बात हो गई है। इसी के चलते यातायात पुलिस की व्यवस्था भी पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो चुकी है। सो लोगों को दुश्वारियों का सामना करना पड़ रहा है।
धनतेरस से बाजार में लोगों की भीड़ है। देर रात तक बाजार पूरी तरह गुलजार रहा। आज छोटी दिवाली यानि कि नरक चतुर्दशी है। सो लोग पटाखे और खाने की वस्तुएं खरीदने को सुबह से ही निकल पड़े। बाजारों में पुलिस व्यवस्था पूरी तरह फेल दिखी। लोगों को पैदल चलने में भी दिक्कत हुई।
रोडवेज बस स्टैंड के पास जाम लगना आम हो गया है। यहां पर हर वक्त पुलिस वाले भी तैनात रहते हैं मगर वे भी जाम को लगने से नहीं रोक पाए। प्राइवेट बस स्टैंड से लेकर रोडवेज तक बसों के आड़ा-तिरक्षा खड़ा कर देने से स्थिति और भी ज्यादा खराब हो गई। लावेला, इंदिरा चौक, पुलिस लाइंस चौराहा आदि स्थानों पर दिन में कई बार जाम लगा।
--
दातागंज टैक्सी स्टैंड भी लगता है जाम
दातागंज मार्ग पर चलने वाली टैक्सियां खड़ी होतीं हैं। जिसकी वजह से रोडवेज स्टैंड पर जाम और भी ज्यादा लगता है। जाम में फंसने वाले लोग टैक्सी वालों से कुछ कहते हैं तो वह झगड़े पर आमादा हो जाते हैं। लोग कहते हैं कि टैक्सी स्टैंड को यहां से हटना चाहिए।