बदायूं। कुंदावली गांव के एक घर में चर्च बनाकर प्रार्थना कराने वाले तीन लोगों के खिलाफ पुलिस ने सोमवार को मुकदमा दर्ज कर लिया है। एसआई सत्यपाल की तहरीर पर कार्रवाई हुई है। रविवार को हिरासत में लिए गए चार में से एक को पुलिस ने छोड़ दिया है।
एक्स हैंडल पर एक व्यक्ति ने रविवार को कुंदावली गांव में धर्म परिवर्तन की शिकायत की थी। आरोप लगाया गया कि 30 लोगों का धर्म परिवर्तन कराया गया। पुलिस मौके पर पहुंची तो प्रार्थना सभा में शामिल लोगों में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने वहां से चार लोगों को हिरासत में लिया था। सोमवार को पुलिस ने सभी आरोपियों को छोड़ दिया था। इसी बीच उच्चाधिकारियों के संज्ञान में मामला आने पर सोमवार की शाम को एसआई सत्यपाल की तहरीर पर गांव कुंदावली निवासी अंजू पत्नी हरपाल सिंह, कासगंज के मोहल्ला नाथूराम कोर्ट निवासी हृदेश कुमार उर्फ विक्की पास्टर और उसकी पत्नी नीतू के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। इन लोगों पर ईसाई धर्म में आस्था लाने और धर्म परिवर्तन कराने का प्रलोभन दिये जाने की धारा में मुकदमा दर्ज किया गया है। मंगलवार को इनको कोर्ट में पेश किया जागएा। वहीं मुख्य आरोपी बॉबी का नाम मुकदमे नहीं है। उसे छोड़ दिया गया है।