बदायूं। राजकीय मेडिकल कॉलेज में सोमवार को आयोजित स्वास्थ्य शिविर में 285 लोगों ने जांच और परामर्श सेवाओं का लाभ लिया। स्त्री एवं प्रसूति विभाग में 62 महिलाओं की जांच, मेडिसिन विभाग में 64 मरीजों में उच्च रक्तचाप और 35 में मधुमेह की पुष्टि हुई। नेत्र रोग विभाग में 60 व्यक्तियों की आंखों की जांच हुई, जबकि अन्य विभागों ने कैंसर, टीबी, हेपेटाइटिस जांच, बच्चों का टीकाकरण और रक्तदान जैसी सेवाएं दीं। इस अवसर पर कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. अरुण कुमार, उप-प्रधानाचार्य डॉ. नेहा सिंह, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. रितुज अग्रवाल समेत चिकित्सक व स्टाफ मौजूद रहे। सेवा पखवाड़ा के तहत आगामी दिनों में भी स्वास्थ्य शिविर और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
-
फायर सेफ्टी निरीक्षण सम्पन्न, जल्द मिलेगा अग्नि सुरक्षा प्रमाणपत्र
बदायूं। राजकीय मेडिकल कॉलेज के अस्पताल भवन में शनिवार को अग्नि सुरक्षा अधिकारी शैलेंद्र सिंह ने फायर सेफ्टी व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ फायर सेफ्टी नोडल अधिकारी डॉ. अमृता बाजपेयी, यूपीआरएनएन के अपर परियोजना नियंत्रक अंकित गुप्ता तथा कनिष्ठ अभियंता जनार्दन सिंह भी मौजूद रहे।
निरीक्षण टीम ने आईसीयू (एमआईसीयू, एसआईसीयू, पीआईसीयू, एनआईसीयू), इमरजेंसी, सर्जरी वार्ड, स्प्रिंकलर सिस्टम, इंटरनल एवं एक्सटर्नल हाइड्रेंट सहित अस्पताल के प्रमुख हिस्सों का निरीक्षण किया। अधिकांश स्थानों पर अग्नि सुरक्षा उपकरण सक्रिय और क्रियाशील पाए गए। हालांकि कुछ जगहों पर एनुअल एवं ऑटोमेटिक अलार्म सिस्टम की कार्यक्षमता सुनिश्चित करने के लिए यूपीआरएनएन को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। फायर सेफ्टी अधिकारी शैलेन्द्र सिंह ने मौजूदा व्यवस्थाओं पर संतोष जताते हुए कहा कि अलार्म सिस्टम और बेसमेंट एरिया से जुड़े शेष कार्य जल्द पूरा कर लिया जाए, ताकि इस माह के भीतर अग्नि सुरक्षा ऑडिट सम्पन्न कर अग्नि सुरक्षा प्रमाणपत्र (एनओसी) प्राप्त किया जा सके।
संवाद