म्याऊं के नवीन स्वास्थ्य केंद्र पर दवा लेते मरीज। संवाद
- फोटो : samvad
बदायूं। मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेला रविवार को जिले की 48 पीएचसी पर लगाया गया। यहां सीएचसी से डॉक्टरों की डयूटी लगाई गई। मेले में सुबह 10 बजे से शाम चार बजे तक 2647 मरीजों ने जांच करवाने के साथ ही दवा भी ली। अधिकतर मरीज वायरल के सामने आए।
दबतोरी नवीन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर दिन में 1:40 बजे तक 47 मरीज दवा लेने पहुंचे। अधिकतर खांसी, जुकाम, वायरल से पीड़ित थे। आरोग्य मेले में कोई विशेषज्ञ डॉक्टर नहीं पहुंचा। आयुष डॉक्टर जहीर अहमद ने मरीजों को देखकर दवा दी।
फैजगंज बेहटा में लगे मेले में दो बजे तक 75 मरीजों ने दवा ली। चिकित्सा अधिकारी पारुल सिंह ने मरीजों को दवा लिखी। फार्मासिस्ट निशाकर शर्मा ने दवाओं का वितरण किया। 12 मरीजों ने खून की जांच कराई। म्याऊं में लगे मेले में दोपहर 12 बजे तक 11 मरीज ही पहुंच सके। चिकित्सक डॉ. खदीजा खातून ने दवा दी।
सहसवान के खितौरा पीएससी पर 42 मरीज देखे गए। जिसमें ज्यादातर मरीज डायरिया, खुजली, खांसी के थे। सीएमओ डॉक्टर रामेश्वर मिश्रा ने बताया कि सभी केंद्रों पर मेले का आयोजन किया गया। मेले में 2647 मरीजों को देखकर डॉक्टरों ने दवा दी।