उझानी (बदायूं)। महाराजा अग्रसेन श्रवण कुमार अग्रवाल धर्मशाला परिसर में रविवार रात आयोजित शादी समारोह में खाना खाने के बाद बच्चों समेत 25 लोग फूड प्वाइजनिंग का शिकार हो गए। उल्टी- दस्त होने पर रात में ही कस्बे के अलावा बदायूं के निजी अस्पताल में उन्हें भर्ती कराया गया। दूल्हे के पिता ने खाद्य सामग्री पर शक जताते हुए हलवाई की भूमिका पर सवाल उठाया है।
गौतमपुरी मोहल्ला निवासी विशाल प्रजापति के साथ बदायूं लालपुल इलाके की बुलबुल की शादी का कार्यक्रम रविवार रात करीब नौ बजे धर्मशाला परिसर में शुरू हुआ। दावत का इंतजाम दूल्हे के पिता दुर्गा प्रसाद ने किया था। हलवाई ही पनीर, सब्जियां और अन्य सामान खरीदकर लाया था। करीब 300 लोगों के लिए खाने का इंतजाम था।
दूल्हे के भाई सचिन ने बताया कि रात में करीब 12 बजे सबसे पहले बच्चों को उल्टी और दस्त आना शुरू हुए। इसके बाद महिलाओं समेत कुछ और लोगों की हालत भी बिगड़ गई। हालत बिगड़ने पर संजना (20), गंगाराम (60), नितिन (9), रश्मि (18), जय किशन (25), दूल्हे के भाई सचिन (17) और गौरव (12) को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। बाद में हालत में सुधार होने पर सभी को सोमवार को सुबह छुट्टी दे दी गई तो चंद्रकला (25), हरिओम (18) और श्याम (25) को दवा दिलाकर परिजन अपने साथ घर ले गए।
इसके अलावा वधू पक्ष के भी करीब 15 लोगों का भी हालत बिगड़ने पर बदायूं के निजी अस्पताल में इलाज कराया गया। दूल्हे के पिता ने बताया कि हलवाई ने मसालों समेत खाद्य सामग्री की गुणवत्ता का ख्याल नहीं रखा। इसी वजह से बरातियों और घरातियों की तबीयत खराब हुई। इस संबंध में जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी सीएल यादव ने बताया कि टीम को भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई होगी।