दातागंज। दातागंज के लोगों की वर्षों पुरानी बिजली की समस्या भी अब जल्द खत्म हो जाएगी। दातागंज के सैजनी गांव के पास 10 करोड़ तीन लाख 37 हजार रुपये की लागत से 220 केवीए का विद्युत सब स्टेशन जल्द बनेगा। शनिवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए सब स्टेशन का शिलान्यास किया।
दातागंज में बिजली की समस्या से लोगों को निजात दिलाने के लिए विधायक बनने के बाद से ही राजीव कुमार सिंह प्रयास कर रहे थे। उनके प्रयासों से शासन ने दातागंज में 220 केवीए उपकेंद्र को मंजूरी दी है। उपकेंद्र बनने के बाद दातागंज के लोगों को लो वोल्टेज, लोकल फाल्ट और बेवजह बिजली कटौती की समस्या से मुक्ति मिल जाएगी। दातागंज का लगभग हर गांव प्रधानमंत्री सौभाग्य योजना के अंतर्गत सभी गांव विद्युतीकृत हो चुके हैं। कई ऐसे गांव हैं जहां बिजली नहीं मिल पा रही। 10 करोड़ तीन लाख 37 हजार की लागत से बनने वाले 220 केवीए उपकेंद्र से यह समस्या खत्म हो जाएगी। शिलान्यास के दौरान विधायक राजीव कुमार सिंह बब्बू समेत रविंद्र पाल सिंह, प्रदीप सिंह रिशु, पावर कॉरपोरेशन के अधिकारी आदि मौजूद रहे।