बिनावर (बदायूं)। जनता से जुड़ने को बनाए गए थाने के वालंटियर्स ग्रुप में एक युवक ने आपत्तिजनक वीडियो पोस्ट कर दिया, जिससे पुलिस विभाग में खलबली मच गई। थाना पुलिस ने सीओ के आदेश पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है। आरोपी अभी फरार बताया जा रहा है।
थाना पुलिस के मुताबिक ग्रुप में क्षेत्र की सूचनाएं आदान प्रदान होती हैं। कई बार ग्रुप में मैसेज भी डाला गया कि कोई भी आपत्तिजनक वीडियो या फोटो पोस्ट न करें, अन्यथा मेंबर को बाहर कर दिया जाएगा। उसके खिलाफ कार्रवाई भी हो सकती है। इसके बावजूद कुंवरगांव थाना क्षेत्र के ग्राम भैसामई निवासी तारिक ने सोमवार को पुलिस के ग्रुप में आपत्तिजनक वीडियो पोस्ट कर दिया। यह वीडियो देखकर ग्रुप से जुड़े लोगों में खलबली मच गई। इसकी सूचना सीओ सिटी राघवेंद्र सिंह राठौर के पास तक पहुंची। उन्होंने तुरंत भड़काऊ पोस्ट करने वाले युवक के खिलाफ कार्रवाई के आदेश दिए, जिस पर इंस्पेक्टर अजय कुमार यादव ने थाने में रिपोर्ट दर्ज करा दी। इंस्पेक्टर ने बताया कि वीडियो पोस्ट करने वाले की तलाश शुरू कर दी गई है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।