शहीद होमगार्ड की पत्नी को एसएसपी
ने दिया 19 लाख का चेक
बदायूं। एसएसपी अशोक कुमार ने शहीद होमगार्ड छत्रपाल सिंह की पत्नी विमला देवी को बुधवार दोपहर 19 लाख 28 हजार तीन सौ रुपये का चेक दिया। एसएसपी ने कहा कि होमगार्ड की मृत्यु से पुलिस विभाग को काफी क्षति पहुंची है, जिसकी भरपाई संभव नहीं है लेकिन पुलिस विभाग हमेशा होमगार्ड के परिवार के साथ खड़ा है। जो संभव होगा, मदद की जाएगी।
करीब 55 वर्षीय होमगार्ड छत्रपाल सिंह यादव की 20 दिसंबर की रात उघैती में पिकेट ड्यूटी के दौरान चार बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। चारों बदमाश उस रात उघैती से दो मकान और एक कंप्यूटर कोचिंग सेंटर से चोरी करके भाग रहे थे। होमगार्ड छत्रपाल ने बदमाशों को रोकने का पूरा प्रयास किया, लेकिन बदमाशों ने उसे गोली मार दी। इस मामले में दो बदमाशों को जेल भेजा जा चुका है, जबकि एक बदमाश की तीन दिन पहले जरीफनगर इलाके में लाश मिली थी। चौथा बदमाश अब भी पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ा है। घटना के दूसरे दिन एसएसपी ने परिवार वालों को 26500 रुपये की आर्थिक मदद की थी। बुधवार को पुलिस लाइन सभागार में होमगार्ड की पत्नी विमला देवी को बुलाया गया। एसएसपी के हाथों चेक लेते समय विमला देवी अपने आंसू नहीं रोक पाई। इस पर एसएसपी ने उन्हें हरसंभव मदद का विश्वास दिलाया।