बीएसए ने तीन स्कूलों का किया औचक निरीक्षण
बच्चों की उपस्थिति बढ़ाने को अभिभावकों से संपर्क के निर्देश
बदायूं। बीएसए पीसी यादव ने मंगलवार को विकासखंड जगत क्षेत्र के तीन स्कूलों का आकस्मिक निरीक्षण किया। बच्चों से सवाल पूछते हुए शैक्षिक गुणवत्ता को परखा। तीनों स्कूलों में शैक्षिक स्तर सही नहीं पाए जाने पर नाराजगी जताई। साथ ही बच्चों की उपस्थिति बढ़ाने के लिए अभिभावकों से संपर्क करने के निर्देश दिए।
बीएसए ने सबसे पहले प्राथमिक स्कूल बुधयाई का निरीक्षण किया। प्रधानाध्यापक प्रियंका दुबे के अलावा तीन शिक्षक और एक शिक्षामित्र कार्यरत हैं। इस दौरान प्रधानाध्यापक प्रियंका दुबे प्रसूति अवकाश पर पायी गईं। बाकी सभी मौजूद थे। पंजीकृत 142 के सापेक्ष मात्र 70 बच्चे उपस्थित पाए गए। विद्यालय में बच्चों की उपस्थिति बढ़ाते हुए शैक्षिक गुणवत्ता में सुधार के कड़े निर्देश दिए गए। इसके बाद बीएसए प्राथमिक स्कूल मल्लाहपुर पहुंचे। जहां प्रधानाध्यापक जयवीर सिंह के अलावा दो सहायक शिक्षक और एक शिक्षामित्र कार्यरत हैं। एक अध्यापक और शिक्षा आकस्मिक अवकाश पर मिले। पंजीकृत छात्र 157 के सापेक्ष 125 बच्चे उपस्थित मिले। विद्यालय स्टाफ को छात्र उपस्थिति शत-प्रतिशत करते हुए शैक्षिक स्तर में सुधार के कड़े निर्देश दिए गए।
यहां के बाद में बीएसए ने प्राथमिक स्कूल मचलई का निरीक्षण किया। प्रधानाध्यापक मोरध्वज के साथ ही सहायक अध्यापक व दो शिक्षा मित्र कार्यरत हैं। सहायक अध्यापक अंग्रेजी प्रशिक्षण को बीआरसी पर बताए गए। यहां पर पंजीकृत 269 के सापेक्ष 25 बच्चे उपस्थित पाए गए। जिला समन्वयक मिड-डे-मील को निर्देशित किया गया कि विद्यालय का स्थलीय निरीक्षण कर मिड-डे-मील अभिलेखों का परीक्षण कर उपस्थिति के सापेक्ष आख्या उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें।