उझानी। विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में मंगलवार को मेजर ध्यानचंद्र की जयंती पर आयोजित हॉकी प्रतियोगिता में छात्र नरेंद्र कुमार की टीम ने शानदार प्रदर्शन कर जीत हासिल की। टीम के कप्तान समेत खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया गया। जयंती समारोह शुरू होने पर कॉलेज के प्रधानाचार्य अतरसिंह यादव ने बच्चों को मेजर ध्यानचंद के जीवन के बारे में समझाया। कहा- मेजर ध्यानचंद ने हॉकी को नया आयाम दिया। वह एक ऐसे खिलाड़ी थे जिन्होंने विषम परिस्थितियों में भी खेल भावना का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम के बाद हॉकी में छात्रों ने हिस्सा लिया। नरेंद्र कुमार की अगुवाई वाली टीम विजेता रही।
इसके अलावा कबड्डी में भी छात्रों ने दमखम दिखाया। विजेता टीम के कप्तानों को शील्ड और प्रमाणपत्र देकर पुरस्कृत किया गया। विद्यार्थी परिषद के जिला प्रमुख अमित ठाकुर ने खिलाड़ियों की प्रशंसा की। इस मौके पर शैलेंद्र सिंह, राजपाल शाक्य, विनोद कुमार, संतोष सिंह, सुधीर कुमार सिंह और नक्षत्रपाल सिंह आदि मौजूद थे।