जरीफनगर। दहगवां विकास खंड के ग्राम समसपुर मलिकपुर फत्ता के ग्रामीणों ने सहसवान तहसील प्रांगण में कोटेदार के खिलाफ नारेबाजी और प्रदर्शन करते हुए एसडीएम को ज्ञापन सौंपा।
सोमवार को एसडीएम किशोर गुप्त को सौंपे ज्ञापन में ग्रामीणों ने कहा कि गांव का उचित दर विक्रेता हर माह अनाज का उठान करता है। दुकान पर गांव के 370 राशन कार्डों की सूची उपलब्ध है, जिसमें से केवल 37 राशन कार्ड ही सही हैं। शेष 333 राशन कार्ड गलत और फर्जी हैं, जिसके चलते पात्र कार्ड धारक ग्रामीणों को राशन नही मिल रहा है। सारा राशन कोटेदार ही डकार जाता है। ग्रामीणों ने मांग की है कि समसपुर मलिकपुर फत्ता की उचित दर दुकान पर उपलब्ध सूची की जांच कराई जाए, जिससे गरीब पात्र कार्ड धारकों को उनका हक मिल सके। इस पर एसडीएम ने मामले को संज्ञान में लेते हुए जांच के आदेश दिए। ज्ञापन पर राजपाल, नेत्रपाल, सुमेदा, राकेश, जयसिंह, संजीव, विनोद, हंसराज आदि ग्रामीणों के हस्ताक्षर हैं। ब्यूरो