बदायूं। रविवार को रक्षाबंधन धूमधाम से मनाया गया। बहनों ने सज संवर कर अपने भाइयों की कलाई पर स्नेह की डोर बांधी। वहीं भाइयों ने बहनों की कई सरप्राइज गिफ्ट देकर जीवन भर रक्षा करने वचन दिया।
शनिवार शाम से ही रोडवेज और रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की भारी भीड़ जुटी। सुबह से ही शहर की सड़कों पर काफी रौनक रही। चार पहिया और दोपहिया वाहनों से बहनें अपने भाई को राखी बांधने के लिए निकलीं। सुबह से ही बहनों ने व्रत रखकर अपने भाइयों की कलाई पर स्नेह की डोर बांधी तो भाइयों ने जीवन भर रक्षा करने का संकल्प दिया। पिछले कुछ सालों से त्योहार मनाने के ट्रेंड में कुछ बदलाव आया है जिसका असर भी देखने को मिला। भाइयों ने बहनों को नकदी के साथ-साथ सरप्राइज गिफ्ट भी दिए। सरप्राइज गिफ्ट पाकर बहनों के चेहरे खिले नजर आए।
रोडवेज और रेलवे स्टेशन पर उमड़ी भीड़
रक्षाबंधन पर शादीशुदा बहने अपने भाइयों को रक्षासूत्र बांधने के लिए शनिवार को ही मायके जाने के लिए रोडवेज बस स्टेशन और रेलवे स्टेशन पहुंचीं। यह सिलसिला रविवार शाम तक जारी रहा। शासन की ओर से शनिवार को मध्यरात्रि से ही बहनों को फ्री यात्रा का तोहफा दिया। जिस कारण ट्रेन की अपेक्षा रोडवेज की बसों में ज्यादा भीड़ रही। खचाखच भरी हुई रोडवेज बसें अपने गंतव्य की ओर रवाना हुईं। वहीं सुबह से दोपहर के समय चलने वाली ट्रेनों में भी अन्य दिनों की अपेक्षा काफी भीड़ रही।
धड़ल्ले से बिकीं राखियां और मिठाई
-रक्षाबंधन से एक सप्ताह पूर्व ही बाजार सतरंगी राखियों से गुलजार हो गया था। लेकिन शनिवार और रविवार दोपहर तक बाजार में लगी राखियों की दुकानों पर ग्राहकों की तांता लगा रहा। दुकानदार खालिद ने बताया कि सप्ताह की शुरुआत में कुछ खास बिक्री नहीं हुई, शनिवार और रविवार को जमकर राखियों की बिक्री हुई। वहीं मिठाई की दुकानों पर तो शनिवार को ही ग्राहकों का तांता लगना शुरू हो गया था जो कि रविवार शाम तक जारी रहा।
कॉफी मग का स्टाक खत्म
इस बार रक्षाबंधन पर सरप्राइज गिफ्टों में कॉफी मग की डिमांड सबसे ज्यादा रहीं। सचिन सपड़ा ने बताया कि भाई बहन ने ऐसे काफी मग खरीदे। जिस कारण जो स्टाक मंगाया था, वह रविवार सुबह को ही खत्म हो गया।