जीआईसी-जीजीआईसी में लगेंगी इंग्लिश मीडियम कक्षाएं
डीआईओएस ने भेजा प्रस्ताव, अगले सत्र में जिले के और भी स्कूलों में भी लागू होगी यह प्रणाली
अमर उजाला ब्यूरो
बदायूं। प्रतिस्पर्धा के इस दौर में उप्र माध्यमिक शिक्षा परिषद भी केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड से पीछे नहीं रहना चाहता। सीबीएसई की तर्ज पर यूपी बोर्ड भी नए शैक्षिक सत्र से इंग्लिश मीडिएम की कक्षाएं शुरू करने जा रहा है। इस सत्र से जिले के राजकीय इंटर कॉलेज और राजकीय कन्या इंटर कॉलेज में यह कक्षाएं शुरू होंगी। इसका प्रस्ताव जिला विद्यालय निरीक्षक की ओर से बोर्ड को बनाकर भेज दिया गया है।
निजी स्कूल-कॉलेजों में पढ़ने वाले बच्चों के अभिभावकों से फीस के नाम पर मोटी रकम वसूली जाती है। अभिभावक भी उन स्कूल-कालेजों में इंग्लिश मीडिएम कक्षाएं चलने की वजह से अपने बच्चों का दाखिला कराने को प्राथमिकता देते हैं। ऐसे स्कूल-कॉलेजों को सीबीएसई से मान्यता मिली होती है। सरकारी स्कूल-कॉलेजों पर उसका सीधा प्रभाव भी देखने को मिल रहा है। इस बात को लेकर शासन भी चिंतित है।
निजी स्कूल-कंालेजों की ओर अभिभावकों की अपने बच्चों को पढ़ाने के प्रति बढ़ रही रुचि को कम करने के लिए उप्र माध्यमिक शिक्षा बोर्ड ने भी नई योजना तैयार की है। जिसके तहत अप्रैल से शुरू होने वाले नवीन शैक्षणिक सत्र से हर जिले के दो हिंदी मीडियम माध्यमिक विद्यालयों को इंग्लिश मीडिएम बनाया जा रहा है। इसके लिए बोर्ड के निदेशक ने जिला विद्यालय निरीक्षक से उन विद्यालयों के नाम (प्रस्ताव) भेजने के निर्देश दिए थे।
डीआईओएस मुन्ने अली ने बताया कि बोर्ड के निदेशक के निर्देश पर शहर के राजकीय इंटर कॉलेज और राजकीय कन्या इंटर कॉलेज का प्रस्ताव बनाकर भेज दिया है। दोनों इंग्लिश मीडिएम विद्यालय होंगे। दोनों विद्यालयों में कक्षा छह से इंग्लिश मीडियम की पढ़ाई होगी। इसके लिए दोनों विद्यालयों में अलग से अतिरिक्त अंग्रेजी माध्यम अनुभाग खुलेगा।
--
जिले के और भी विद्यालय होंगे इंग्लिश मीडिएम
-डीआईओएस ने बताया कि इस प्रयोग के भविष्य में अच्छे परिणाम देखने को मिलेंगे। तब आगे के शैक्षणिक सत्र में जिले के और भी माध्यमिक स्कूल इंग्लिश मीडिएम होंगे।
इंसेट-
बच्चों को मिलेगा लाभ
सीबीएसई के निजी स्कूल-कॉलेजों में फीस जाती है, जबकि यूपी बोर्ड के इंग्लिश मीडिएम स्कूलों में खर्चा कोई खास नहीं होगा। निश्चित तौर पर इंग्लिश मीडिएम विद्यालय होने का लाभ जिले के बच्चों को मिलेगा।