तालाब में गिरा अनियंत्रित
टेंपो, एक यात्री की मौत
कई महिलाएं नीचे दबीं, पुलिस ने बमुश्किल निकाला
अमर उजाला ब्यूरो
सिलहरी (बदायूं)। मुसाफिरों से भरा टेंपो अनियंत्रित होकर तालाब में जा गिरा जिससे हड़कंप मच गया। टेंपो में सवार एक युवक की मौत हो गई तो महिलाओं समेत कई लोग टेंपो के नीचे दब गए। सूचना पर पहुंची यूपी 100 पुलिस ने तालाब में टेंपो के नीचे दबी महिलाओं को बाहर निकाला।
थाना सिविल लाइन क्षेत्र में बदायूं-मुरादाबाद हाईवे स्थित राजकीय पालीटेक्निक के पास बदायूं से टेंपो से मुसाफिरों को लादकर गांव दहेमी निवासी चालक महेश बिसौली रोड पर जा रहा था। महेश ने बताया कि सामने से अज्ञात बाइक सवार को बचाने के प्रयास में टेंपो अनियंत्रित हो गया और पुलिया के नीचे तालाब में जा गिरा। इससे टेंपो में चीखपुकार मच गई। टेंपो में सवार करीब आठ यात्री होली का सामान खरीदने जा रहे थे। वह सामान समेत पानी में डूबने लगे। सूचना पर यूपी 100 पुलिस और नवादा पुलिस चौकी मौके पर पहुंच गई। पुलिसवालों ने तालाब में घुसकर लोगों को बाहर निकाला। इन्हीं यात्रियों में से एक दहेमी निवासी रामप्रकाश पटेल (50) की हालत ज्यादा खराब थी। उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया गया। वहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना में टेंपो चालक समेत सात लोगों को हल्की फुल्की चोटें आईं। पानी में भीगी हालत में वे अपने गंतव्य को रवाना हो गए। घटना से हाईवे पर जाम की स्थिति पैदा हो गई। मौके पर मौजूद पुलिस ने ट्रैक्टर मंगवाकर तालाब से टेंपो को बाहर निकाला और वाहनों का आवागमन शुरू कराया।