फोटो- 48 व 49
भाई की शादी का कार्ड देने
जाते युवक समेत दो की मौत
आंवला रोड पर बाइक को सामने से आते ट्रैक्टर ने रौंदा
बरेली के भमोरा क्षेत्र का रहने वालें हैं लालमन और नारायणदास
अमर उजाला ब्यूरो
बिसौली (बदायूं)।
भाई की शादी का कार्ड देने जा रहे बरेली जिला निवासी बाइक सवार युवक और उसके दोस्त की सड़क हादसे में मौत हो गई। इनकी बाइक को आंवला रोड पर सामने से आ रही ट्रैक्टर-ट्रॉली ने टक्कर मार दी। ट्रैक्टर को कब्जे में ले लिया गया जबकि चालक फरार हो गया।
सीमावर्ती जिला बरेली के थाना भमोरा के गांव कटका भरत निवासी लालमन (30) पुत्र सुदेश कुमार और उसका मित्र नारायणदास (27) पुत्र रामदास बुधवार दोपहर बाइक लेकर घर से निकले थे। यह लोग लालमन के छोटे भाई बलवीर की शादी का कार्ड देने रिश्तेदारी में संभल जिले के कस्बा चंदौसी के पास स्थित गांव कैथल जा रहे थे। दोपहर दो बजे के करीब बिसौली-आंवला रोड पर गांव धर्मपुर के पास तेज गति से आ रहे ट्रैक्टर ने इनकी बाइक को टक्कर मार दी। इससे बाइक गिर पड़ी और उस पर सवार दोनों युवकों के सिर फट गए। दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना की जानकारी मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने ट्रैक्टर को तो मौके से पकड़ लिया लेकिन उसका चालक फरार हो गया। प्रभारी कोतवाल अश्विनी कुमार ने बताया कि चालक को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
000000000
चार दिन बाद होनी थी शादी
बिसौली। लालमन अपने भाई बलवीर की शादी का कार्ड बांटने जा रहा था। उसकी गांव के ही नारायणदास से दोस्ती थी। दोनों बुधवार को बाइक से घर से निकल लिए। बलवीर की शादी 18 फरवरी की है। लालमन तीन भाई हैं। लालमन की शादी करीब चार साल पहले हुई थी। उनकी तीन साल की एक पुत्री रूबी है। घटना की जानकारी होते ही परिवार वाले नगर के सीएचसी पर पहुंच गए। परिवारीजनों का रो रोकर बुरा हाल था।
---------------
इकलौता बेटा था नारायणदास
बिसौली। नारायणदास रामदास का इकलौता बेटा था। इकलौता होने के कारण परिवारवालों ने उसे नौकरी करने बाहर नहीं जाने दिया। उसके एक बेटा और एक बेटी है। पत्नी लज्जावती का रो-रोकर बुरा हाल है। इधर, पिता रामदास और चाचा पप्पू तो शव से लिपटकर रो रहे थे। परिवार का दुख दूर नहीं हो पा रहा था। तीन साल पहले ही नारायण दास की बहन सरोज भी विधवा हो चुकी है। तीन दिन पहले ही नारायण दास के सगे मौसा नेतराम की भी मौत हो गई थी।
000000000
फोटो- 1, 2
कांवड़ियों की वैन में घुसा
ट्रैक्टर, सात लोग घायल
कुंवरगांव क्षेत्र के कांवड़िये बिल्सी के पास हुए हादसे के शिकार
अमर उजाला ब्यूरो
बदायूं। कुंवरगांव क्षेत्र से मंगलवार रात कछला गंगा घाट पर जल लेने निकले कांवड़ियों की मारुति वैन को सामने से आ रहे ट्रैक्टर ने टक्कर मार दी। इस ट्रैक्टर पर भी कांवड़िये ही थे। हादसे में कार में बैठे सात लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, वहां से प्राथमिक उपचार के बाद पांच लोग घर भेज दिए गए।
गरुईया गांव निवासी कई कांवड़िये मंगलवार रात बारह बजे जय बम भोले का उद्घोष करते हुए मारुति वैन में बैठकर कछला की ओर निकले। इन्हें वहां से जल भरकर लाना था और स्थानीय शिव मंदिर पर जलाभिषेक करना था। मंगलवार रात एक बजे इनकी वैन बिल्सी पहुंची। वहां से एक किमी आगे मुजरिया की ओर बढ़ी ही थी कि सामने से तेज गति से आ रहे अनियंत्रित ट्रैक्टर ने वैन में सामने से टक्कर मार दी। ट्रैक्टर-ट्रॉली पर डीजे लगा था और कछला से लौट रहे कांवड़िए भजनों की धुन पर जमकर थिरक रहे थे। हादसे के बाद जहां वैन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, वहीं कार में बैठे लोगों में कोहराम मच गया। चीखपुकार सुनकर आए आसपास के ग्रामीणों ने इन्हें कार से निकाला। करीब सात लोगों को चोटें आईं। इनमें विनय (18) पुत्र सुरेंद्र, धर्मेंद्र (25), सत्येंद्र (30), आर्येंद्र (30), मुनेंद्र (28), रंधीर सिंह (30) और चौधरी पाली (40) आदि शामिल थे। इन सभी को एंबुलेंस से जिला अस्पताल लाया गया। यहां विनय और धर्मेंद्र को भर्ती कर लिया गया। घायलों ने बताया कि बिल्सी पुलिस ने दोनों वाहन कब्जे में ले लिए हैं। वह लोग ट्रैक्टर चालक के खिलाफ रिपोर्ट कराएंगे। ट्रैक्टर पर बैठे लोग घटना के बाद उनकी मदद करने की बजाय भाग निकले।