फोटो-8 से 10, 18, 19
दिनभर छूटती रही कंपकंपी, बेअसर रही धूप
दोपहर तक छाया रहा कोहरा, दिनभर चली शीत लहर
अमर उजाला ब्यूरो
बदायूं। जिले में कोहरे और शीतलहर के चलते बुधवार को दिन में भी लोगों की कंपकपी छूटती रही। हालांकि बुधवार को तापमान में 1 डिग्री की बढ़ोतरी हई। जिले में अधिकतम तापमान 20 और न्यूनतम 7 डिग्री सेल्सियस रहा। रोज की तरह सुबह लोग जागे तो घना कोहरा छाया था। सुबह दस बजे बच्चे ठिठुरते हुए स्कूल पहुंचे। दोपहर को कुछ देर के लिए धूप खिली, मगर दिन ढलते ही ठिठुरन शुरू हो गई। ठंड की वजह से बाजारों में सन्नाटा रहा। दुकानदार आग जलाकर तापते नजर आए।
पिछले कई दिनों से पड़ रही कड़ाके की ठंड और शीत लहर की वजह से आमजन जीवन बुरी तरह से प्रभावित हो गया है। बुधवार को दोपहर तक कोहरा छाया रहा। इससे कामकाजी लोग ठिठुरते हुए अपने दफ्तर या संस्थान पहुंचे। दोपहर एक बजे के करीब थोड़ी देर के लिए धूप निकली, लेकिन शीतलहर के चलते कोई असर नहीं दिखा। अपराह्न सूर्यदेव बादलों में छिप गए और शीतलहर के साथ ठंड बढ़ गई। शाम होते ही कोहरा छाने लगा। ठंड की वजह से ज्यादातर लोग सड़कों पर कम निकले, जिससे बाजार सूनसान रहे। शाम को अंधेरा होते ही लोग अपने घरों में कैद हो गए। रोडवेज और रेलवे स्टेशन पर सन्नाटा पसर गया।
-------------------
डीएम अंकल पसीजे, आठवीं तक के स्कूल 14 तक बंद
कड़ाके की ठंड पड़ने के बावजूद मंगलवार और बुधवार को स्कूल खुले थे। बच्चे कोहरे के बीच ठिठुरते हुए स्कूल पहुंचे। सबसे ज्यादा दयनीय स्थिति देहात के बेसिक स्कूलों में रही। हालांकि बेसिक स्कूलों में बच्चों की संख्या खासी कम रही। ठंड में बच्चों की छुट्टी न होने से लोगों में खासी नाराजगी थी। इसको देखते हुए डीएम ने 11 से 14 जनवरी तक कक्षा एक से आठवीं तक के सभी विद्यालयों की छुट्टी कर दी। इनमें कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय भी शामिल हैं।
----------
हीटर, ब्लोअर की बढ़ी ब्रिकी
लगातार पड़ रही कड़ाके की ठंड से कुछ व्यापारियों की चांदी आ गई है। गर्म कपड़ों के अलावा हीटर और ब्लोअर का बाजार भी खासा गर्म है। कारोबारी हीटर 150 से 600 रुपये और ब्लोअर 400 से 2000 रुपये तक बेच रहे हैं। कीमत बढ़ाने के चक्कर में कई दुकानदार माल शार्ट बताने लगे हैं।
------------------
लकड़ी और कोयले के दाम बढ़े
सर्दी के कारण अचानक लकड़ी और कोयले के दामों में भी तेजी आई है। घरों और दुकानों में आग जलाकर सर्दी भगाने के लिए लोग हाथों हाथ लकड़ी और कोयला भी खरीद रहे हैं। कुछ दिन पहले तक जो लकड़ी पांच सौ रुपये क्विंटल मिल रही थी, उसकी कीमत साढ़े सात सौ रुपये के आसपास पहुंच गई। इसी तरह 30 से 40 रुपये किलो बिकने वाला कोयला भी इस वक्त 50 से 60 रुपये किलो के हिसाब से बिक रहा है।
----------
बच्चों में निमोनिया और बुजुर्गों में बढ़ रही हार्ट की समस्या
जबरदस्त ठंड में सबसे ज्यादा परेशानी बच्चों और बुजुर्गों को होती है। जरूरी है कि सर्दी में बच्चों, बुजुर्गों का खास ख्याल रखा जाए। वहीं युवा भी ठंड में पूरी तरह से कपड़े पहनकर बाहर निकले।
बच्चों के लिए सलाह
बच्चे खुुली चीजें न खाए . दूध की बोतल गर्म पानी से धोएं, अच्छे से गर्म पकड़े पहनाए ज्यादा बाहर न निकलने दे, नवजात को ठंड में नहलाने से बचे, गले और कान को अच्छे से ढककर रखे, रात को स्वेटर पहनाकर सुलाएं, कमरे में लगातार ब्लोवअर न चलाएं
-------------
बुजुर्गों को सलाह
-----------
ठंडे पानी से कतई न नहाएं, कुछ दिनों के लिए टहलने का विचार टाल दें, गले और नाम को अच्छे से ढकें, गर्म पानी का सेवन करें, बीपी और शुगर का चेकअप करते रहे, सांस के मरीज कोहरे से सावधान रहे
---------
युवाओं को सलाह
----------
देर रात में घर से बाहर न निकलें, बाइक चलाते समय कान और गला ढकें, आइसक्रीम का सेवन न करें, कोल्ड ड्रिक या अन्य ड्रिंक्स में बर्फ न डालें, बाहर खुले कार्यक्रम में देर रात न रुके
---------