फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

ट्रक से कुचलकर छात्र की मौत, विरोध में लगाया जाम

विज्ञापन
मौके पर मौजूद भीड़। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
बदायूं। मंगलवार रात से शुरू हुए सीजन के पहले कोहरे की वजह से कई सड़क हादसे हुए। बरेली-आगरा हाईवे पर शहर से आधा किमी दूर नवीं कक्षा के साइकिल सवार छात्र को ट्रक ने पीछे से कुचल दिया। विरोध में छात्र की मौत से गुस्साए ग्रामीणों ने नारेबाजी करते हुए हाईवे जाम कर दिया। इधर, दातागंज में भी कोहरे की वजह से एक व्यक्ति की मौत हो गई तो उसावां में दो रोडवेज बसें आमने-सामने भिड़ गईं, जिसमें पांच मुसाफिर मामूली घायल हो गए।
विज्ञापन

नौशेरा निवासी किसान नन्हे का पुत्र रिंकू शहर के चंद्रिका देवी इंटर कॉलेज में नवीं कक्षा का छात्र था। बुधवार सुबह साढ़े आठ बजे वह घर से साइकिल लेकर कॉलेज के लिए निकला। वह पेट्रोल पंप के पास पहुंचा ही था कि पीछे से आते हुए लोडेड ट्रक ने उसकी साइकिल को चपेट में ले लिया। हादसे में साइकिल दूर जा गिरी और छात्र ट्रक के नीचे आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। चालक ट्रक को लेकर तेजी से शहर की ओर भागा और लालपुल चौकी के पास ट्रक छोड़कर हेल्पर को साथ लेकर फरार हो गया। ट्रक में रखे ड्रमों में केमिकल भरा हुआ था। इस बीच सूचना मिलते ही छात्र के परिवार और गांव के लोग आ गए। लोगों ने बरेली-आगरा हाईवे पर जाम लगा दिया। करीब आधा घंटे तक ग्रामीणों ने हंगामा और नारेबाजी की। सूचना पर सिविल लाइंस पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को बताया कि ट्रक पकड़ लिया गया है। ड्राइवर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करके उसे जेल भेजा जाएगा। काफी मशक्कत के बाद ग्रामीण माने और जाम खोल दिया। बरेली-आगरा और बदायूं-दिल्ली मार्ग पर जाम लगने से थोड़ी ही देर में दोनों ओर वाहनों की कतारें लग गईं। हजारों मुसाफिर जाम में फंसे रहे। काफी देर बाद जाम खुला तो लोगों ने राहत की सांस ली।
दातागंज। कस्बे के वार्ड नंबर 13 निवासी राजू सैनी (43) हरिद्वार में रहकर प्राइवेट नौकरी करता था। मंगलवार को वह बाइक लेकर हरिद्वार से अपने घर से लिए चला। बरेली में ही उसे काफी रात हो गई। बरेली से दातागंज रोड पर भयंकर कोहरे की वजह से सुखौरा गांव के पास पुलिया से उसकी बाइक टकरा गई। राजू पुलिया के नीचे गिर गया और उसकी मौत हो गई। चूंकि शाम छह बजे ही राजू अपने परिवार को घर आने की सूचना दे चुका था। इसलिए काफी रात तक घरवाले उसका इंतजार करते रहे। उसका मोबाइल भी स्विच ऑफ आ रहा था। सुबह सुखौरा के ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस पहुंची तो मोबाइल से कॉल करके राजू की शिनाख्त हो सकी। शव पोस्टमार्टम को भेजा गया। राजू अपने पांच भाइयों में दूसरे नंबर का था। उसकी शादी नहीं हुई थी।
विज्ञापन

उसावां। बुधवार सुबह घने कोहरे की वजह से रोडवेज की दो बसें आमने-सामने टकरा गईं। इससे दोनों गाड़ियों के चालकों और पांच मुसाफिरों को मामूली चोटें आई हैं।
मुरादाबाद-फर्रुखाबाद हाईवे पर बुधवार सुबह आठ बजे बदायूं डिपो की बस दिल्ली से जलालाबाद जा रही थी। दूसरी बस जलालाबाद से बदायूं आ रही थी। घने कोहरे की वजह से दोनों बसों की गति काफी धीमी थी। थाना क्षेत्र के गांव मंशानगला के पास दोनों बसें आपस में टकरा गई। इससे चालक और करीब पांच यात्री मामूली रूप से घायल हो गए। दिल्ली से जलालाबाद जा रही बस के चालक सोमेश पाठक ने बताया कि बाकी यात्रियों को अन्य वाहनों से उनके गंतव्य को भेज दिया गया। जलालाबाद से बदायूं आ रही बस घटनास्थल से घायल यात्रियों और अन्य मुसाफिरों को लेकर बदायूं रवाना हो गई।
---
घर का इकलौता चिराग था रिंकू
बदायूं। रिंकू किसान नन्हे का इकलौता पुत्र था। उसकी एक बड़ी बहन गुड्डो है जो शहर के ही जीजीआईसी में कक्षा दस की छात्रा है। गुड्डो दूसरी साइकिल से पहले ही अपने स्कूल चली गई थी। शोक में स्कूल ने भी अवकाश घोषित कर दिया।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें