बदायूं। अखिल विश्व गायत्री परिवार शांतिकुंज हरिद्वार की ओर से वृक्ष गंगा अभियान के अंतर्गत नव दंपतियों ने अंबियापुर क्षेत्र के गांव दबिहारी में गायत्री मंत्र के साथ पौधरोपण किया। देवकन्याओं ने पौधों का पूजन किया। युवाओं ने ‘वन रोपें, उद्यान लगाएं, हरा भरा निज देश बनाएं और वृक्ष और हितकारी संत, हैं इनके उपकार अनंत के जयघोष किए।
गायत्री परिवार के संजीव कुमार शर्मा ने कहा कि हरे भरे वनों को काटकर प्रकृति मां के आंचल को न छीनें। युवा प्रकृति और पर्यावरण को सुरक्षित, संरक्षित एवं पोषित करने का युगधर्म निभाएं। पौधरोपण कर प्राकृतिक आपदाओं से बचें। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक संसाधनों के दोहन से पर्यावरणीय संतुलन बिगड़ रहा है। ग्लोबल वार्मिंग जैसी त्रासदीपूर्ण घटनाएं घट रही हैं। मानव जीवन अस्त व्यस्त हो गया है। जल वायु चरमरा गई है। हरीतिमा संवर्द्धन से ही खुशहाल जीवन संभव है। निर्मल गंगा जन अभियान के जिला संयोजक सुखपाल शर्मा ने कहा कि प्रकृति को समर्पित जीवन लोकमंगल का आधार बनता है। वृक्षों की सेवा, श्रद्धा और समर्पण से करें। योगाचार्य पुष्पा शर्मा ने भी विचार रखें। वृक्ष गंगा अभियान के अंतर्गत भवेश शर्मा और उनकी पत्नी पूजा शर्मा के साथ नव विवाहित दंपति रवेंद्र शर्मा और पत्नी स्वाति शर्मा, मुरारी शर्मा व उनकी पत्नी रूचि शर्मा ने भावी पीढ़ी के उज्ज्वल भविष्य के लिए आम, जामुन और नीम आदि के औषधीय और फलदार पौधे लगाए। इस मौके पर तेजराम शर्मा, देवेंद्र शर्मा, सुनीता शर्मा, प्रबाल शर्मा, आरती शर्मा, लवकुश, वर्चस्व, हर्षित, दीप्ति, सौम्या शर्मा, सोनू, पूनम शर्मा आदि मौजूद रहे।