बिसौली (बदायूं)। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम सिंचौली में सोमवार देर रात बरात चढ़ाकर लौट रही बग्घी में हाईटेंशन लाइन से छूने के कारण करंट आ गया। इससे बग्घी मालिक और उसके दो घोड़ों की मौत हो गई। बग्घी मालिक का भाई ऐन मौके पर नीचे कूद गया, जिससे उसकी जान बच गई।
ग्राम सिंचौली निवासी नेत्रपाल (28) पुत्र बिहारीलाल अपनी घोड़ा बग्घी से लोगों की बरात चढ़ाने का काम करते थे। सोमवार रात नेत्रपाल अपने बड़े भाई कैलाश के साथ पड़ोसी गांव मदनजुड़ी में बरात चढ़ाने गए थे। रात करीब एक बजे दोनों भाई बग्घी लेकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान घर से कुछ दूरी पर लटक रहे हाईटेंशन तार की चपेट में आकर बग्घी में करंट फैल गया। नेत्रपाल और बग्घी के दोनों घोड़ों को करंट लग गया, जबकि कैलाश बग्घी से कूद गए। करंट लगने से नेत्रपाल और दोनों घोड़ों की मौके पर ही मौत हो गई।
कैलाश की चीख-पुकार सुनकर गांव के लोग जाग गए और उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सीओ सर्वेंद्र सिंह, इंस्पेक्टर जसवीर सिंह और जेई मुकेश कुमार मौके पर पहुंचे। इस दौरान ग्रामीणों ने झूलते तारों पर आक्रोश जताया। पुलिस ने जैसे-तैसे उन्हें समझाया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। ग्रामीणों ने जेसीबी से गड्ढा खोदकर दोनों घोड़े दफन कर दिए। नेत्रपाल की पत्नी शीला और गांव वालों ने मुआवजे की मांग की है।
हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से ही युवक की मौत हुई है। वहां पर तार काफी नीचे लटके हैं। फिलहाल मृतक के परिजनों की ओर से कोई तहरीर नहीं मिली है। यदि कोई तहरीर मिलती है तो उसके अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
- जसवीर सिंह, प्रभारी निरीक्षक, बिसौली
इस संबंध में ग्रामीणों की ओर से कोई शिकायत अब तक नहीं की गई थी, लेकिन यदि मौत का कारण विभागीय लापरवाही निकलती है तो जांच कराकर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
-विनय कुमार, अधिशासी अभियंता, बिसौली