बदायूं। बदायूं-उझानी रोड पर स्थित राजकीय मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी सेवाओं का चार मार्च को केडी मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल और रिसर्च सेंटर लखनऊ से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लोकार्पण करेंगे। इसके लिए कॉलेज प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी है। हालांकि 17 अक्तूबर 2018 में जनता के लिए मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी सेवाओं को 24 घंटे के लिए शुरू कर दिया गया था।
पत्रकारों से बातचीत करते हुए कॉलेज के प्राचार्य डॉ. आरपी सिंह ने बताया कि 2018 में एमसीआई की टीम ने कॉलेज का निरीक्षण किया। टीम को कॉलेज में व्यवस्थाएं बेहतर मिलीं। टीम ने कुछ कमियों में सुधार करने की बात कही, साथ ही कमियों में सुधार करने के बाद रिपोर्ट देने को कहा। प्राचार्य ने बताया कि इस रिपोर्ट को लेकर वह गुरुवार को लखनऊ रवाना होंगे और वहां पर पहुंचकर एमसीआई की टीम को देंगे। प्राचार्य ने बताया कि चार मार्च को केडी मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल और रिसर्च सेंटर लखनऊ से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ राजकीय मेडिकल कॉलेज बदायूं के तीन सौ बेड की इमरजेंसी सेवा समेत अन्य चीजों का लोकार्पण करेंगे।
----
ओटी में लगातार हो रहे ऑपरेशन
मेडिकल कॉलेज में चार ऑपरेशन थिएटर, तीन माइनर ऑपरेशन थिएटर तैयार हैं। इनमें अब तक करीब छह सौ माइनर और 50 मेजर ऑपरेशन भी किए जा चुके हैं। कॉलेज में आयुष्मान भारत योजना के निशुल्क कार्ड भी बनाए जा रहे हैं। योजना के तहत अब तक 90 लोगों के कार्ड बनाए जा चुके हैं। करीब 50 लोगों को इससे फायदा भी मिल चुका है।