बदायूं। नगर पंचायत कुंवरगांव के कई सदस्यों ने चेयरमैन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। सोमवार को हुई बैठक का आधा दर्जन सदस्यों ने बहिष्कार कर दिया। आरोप है कि नगर पंचायत अध्यक्ष के पति ने जबरन कार्यवाही रजिस्टर में उनसे हस्ताक्षर कराने चाहे थे। मंगलवार को सभी सदस्यों ने पूरे मामले की शिकायत डीएम से भी की।
सोमवार को नगर पंचायत कार्यालय में बोर्ड की बैठक आहूत की गई थी। शिकायत करने वाले सदस्यों का कहना था कि वे कार्यालय में उपस्थित रहे और तीन बजे तक अध्यक्ष शीतल गुप्ता का इंतजार करते रहे, लेकिन वह नहीं आईं। उनके पति संजय गुप्ता ने उन सभी सदस्यों से पहले से लिखकर रखे हुए प्रस्तावों पर हस्ताक्षर करने को कहा, जिसका उन्होंने बहिष्कार किया। बाद में सभी नाराज सदस्य अपर जिला अधिकारी से मिले और पूरी स्थिति से अवगत कराया, लेकिन एक विधायक के हस्तक्षेप के चलते कोई कार्रवाई नहीं हुई। मंगलवार को सभी ने डीएम से इसकी शिकायत की। शिकायत करने वालों में आजाद पोरवाल, हरी, शशिकांत, रेनू, सचिन, सत्यपाल, सुमन आदि सदस्य हैं।
---
मीटिंग में ढाई करोड़ के प्रस्ताव आम सहमति से पारित हुए हैं। अधिकतर सदस्य मौजूद थे। बहिष्कार की कोई बात नहीं है।
-त्रिवेंद्र कुमार, ईओ, नगर पंचायत
---
शहर विधायक की मौजूदगी में बैठक हुई थी। इसमें अधिकतर सदस्य मौजूद रहे। कुछ सदस्य बेवजह आरोप लगा रहे हैं।
-शीतल गुप्ता, अध्यक्ष