बिसौली (बदायूं)। सड़क हादसे में मरे संविदा लाइनमैन के परिवार वालों ने सोमवार सुबह उपकेंद्र पर शव रखकर प्रदर्शन किया और मुआवजे की मांग की। नाराज भीड़ को देखकर विद्युत विभाग के जेई और कर्मचारी मौके से रफुचक्कर हो गए।
ग्राम पृथ्वीपुर निवासी विजनेश यादव उपकेंद्र पर संविदा लाइनमैन था। शनिवार रात वह लाइन ठीक करने जा रहा था। उसी दौरान दबतोरी रोड पर किसी वाहन की टक्कर से घायल हो गया। परिवार वाले उसे बरेली ले गए थे, जहां रविवार देर शाम उसकी मौत हो गई। परिवार वाले पोस्टमार्टम के बाद देर रात शव लेकर घर लौटे। सोमवार सुबह उन्होंने लोगों के साथ बिजली उपकेंद्र पर शव रखकर प्रदर्शन किया। परिवार वालों ने तत्काल मुआवजा दिलाने की मांग की। इसकी सूचना पर पहुंचे सीओ सर्वेंद्र सिंह और तहसीलदार रविंद्र सिंह ने बमुश्किल परिवार वालों को समझाया। बाद में विभाग के अधिकारियों से बात भी कराई। इसके बाद भी देर रात तक धरना प्रदर्शन चलता रहा।