चौबीस घंटों में बुखार से 16 और लोगों की मौत हो गई। इससे अब तक मरने वालों का आंकड़ा 115 तक पहुंच गया है।
जिले के संवेदनशील ब्लाकों जगत, समरेर और दातागंज में बुखार से सबसे अधिक लोगों की मौत हुई है। इन इलाकों में बुखार के मरीजों और मरने वालों की संख्या बढ़ती जा रही है। नियंत्रण न होने से बुखार पड़ोस के म्याऊ ब्लॉक क्षेत्र में पहुंच गया है। म्याऊ ब्लॉक क्षेत्र के ग्राम अंगेसी निवासी सत्यराम की बेटी जयमाला (5) को पिछले कई दिन से बुखार था। परिवार वाले उसका गांव में इलाज कराते रहे। हालत बिगड़ने पर जयमाला को शुक्रवार रात जिला अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। म्याऊ ब्लाक के ग्राम नबीगंज निवासी बुधपाल (75) कई दिनों से बुखार से पीड़ित थे, जिनकी शनिवार सुबह मौत हो गई। दातागंज ब्लाक क्षेत्र के ग्राम डहरपुर निवासी आशु गुप्ता (15) और इसी गांव के पूर्व प्रधान सुभाष चंद्र गुप्ता की पत्नी मीरा देवी (56) की मौत हुई है। समरेर ब्लाक के ग्राम बराही निवासी सीता देवी (26) पत्नी राजेश्वर, जगत ब्लाक क्षेत्र के ग्राम गिधौल निवासी चंपा देवी (45) पत्नी पन्नालाल और इसी ब्लाक के ग्राम नबाब नगला आशा वती (25) पत्नी प्रमोद, ग्राम परसुरा निवासी विशाल (9) पुत्र विजेंद्र की बुखार से मौत हुई है।
इधर, जगत विकास खंड क्षेत्र के ग्राम रूखड़ा खौला निवासी वालिस्टर की बेटी शशि (9) और शिशुपाल की बेटी प्रियंका (7) की शनिवार सुबह मौत हो गई। वहीं इसी गांव की रामप्यारी (46) पत्नी ओमकार, माया देवी (40) पत्नी घनश्याम और खुशीराम (22) पुत्र रामदास की शुक्रवार रात मौत हो गई। इसी ब्लाक क्षेत्र के ग्राम मोहम्मद नगर सुलरा निवासी सूरजपाल पुत्र रामऔतार की शनिवार को बरेली ले जाते समय मौत हो गई। कुंवरगांव के वार्ड नंबर चार निवासी देवेंद्र (22) ने शनिवार दोपहर दम तोड़ दिया। सालारपुर ब्लाक के ग्राम ददमई निवासी मुन्नी (55) पत्नी अहसान की शनिवार अपराह्न मौत हो गई।