महिलाओं पर हो रहे अत्याचार को रोकने के लिए प्रदेश सरकार ने महिला हेल्पलाइन नंबर 181 शुरू किया है। अब इसका व्यापक प्रचार करने लिए महिला कल्याण विभाग की अपर मुख्य सचिव रेणुका कुमार ने सभी डीएम से निर्देश दिए है। जिसमें उन्होंने कहा कि सभी सरकारी दीवारों पर मोटे-मोटे अक्षरों में 181 महिला हेल्पलाइन नंबर और रेस्क्यू वैन के बारे में वॉल पेंटिंग कराई जाए। उनका कहना है कि महिलाओं को सहायता उपलब्ध कराने के लिए 181 महिला हेल्पलाइन का संचालन किया जा रहा है। इसके तहत सूचना मिलने पर संबंधित महिलाओं को तत्काल आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जाती है। 181 महिला हेल्पलाइन रेस्क्यू वैन से भी जुड़ी है। 181 महिला हेल्पलाइन और रेस्क्यू वैन की सेवा 24 घंटे उपलब्ध है। 181 महिला हेल्पलाइन और रेस्क्यू वैन के माध्यम से महिलाओं, बालिकाओं को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं के बारे में व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाना आवश्यक है।
यहां पर लिखवाएं
सभी सरकारी कार्यालय, पुलिस थाने, तहसील भवन, बीडीओ कार्यालय, एसएसपी कार्यालय, पीएचसी, जिला अस्पताल, डीएम कार्यालय, रेलवे स्टेशन, बस स्टेशन, बारात घर, पंचायत भवन, प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालय, सभी शॉपिंग मॉल। इसके अलावा प्राइवेट अस्पतालों और स्कूल-कॉलेजों की दीवारों पर भवन स्वामी की अनुमति लेकर 181 महिला हेल्पलाइन लिखवाया जाए।