उझानी (बदायूं)। किराए का मकान खाली कराने को लेकर शनिवार दोपहर में किराएदार दंपति और उसकी बेटी की जमकर पिटाई की गई। पिटाई से घायल दंपति ने बाहर निकलने की कोशिश की तो उसे कमरे में ही बंद कर दिया गया। बाद में किसी तरह बाहर निकले दंपति ने कोतवाली पहुंचकर पुलिस को अवगत कराया।
बिल्सी थाना क्षेत्र के गांव रफीनगर निवासी अवधेश और उसके परिजन नगर के मोहल्ला गौतमपुरी में एक व्यक्ति के घर में किराए पर रहते हैं। शुक्रवार शाम को मकान मालिक घर आया तो किसी बात पर किराएदार की बेटी विमला से कहासुनी हो गई। शनिवार दोपहर में मकान मालिक अवधेश पर टूट पड़ा। आरोप है कि मकान मालिक के साथ दो-तीन अन्य लोग भी थे। उन्होंने किराएदार अवधेश (48), उसकी पत्नी कमला (45) और 10 वर्षीय बेटी विमला की पिटाई की। अवधेश की माने तो मारपीट के बाद मकान मालिक बाहर से कमरे का दरवाजा बंद करके चला गया। अवधेश के शोर मचाने पर पहुंचे मोहल्ले के ही व्यक्ति ने दरवाजा खोला तो घायल दंपति समेत उसकी बेटी बाहर निकल सके। उन्होंने कोतवाली पहुंच कर पुलिस को पूरे घटनाक्रम से अवगत कराया। पुलिस ने घायलों को मेडिकल कराया है। इधर, कोतवाल विनोद कुमार ने बताया कि घायलों की ओर से तहरीर नहीं दी गई है। मामले की जांच कराई जा रही है। इस संबंध में मकान मालिक का वर्जन नहीं मिल सका।