44 बेरोजगारों के अच्छे दिन आए, फील्ड ऑफीसर बने
जिला सेवायोजन कार्यालय के रोजगार मेले में खुला भाग्य
फरवरी और मार्च में फिर लगेंगे रोजगार मेले
अमर उजाला ब्यूरो
बदायूं। सेवायोजन विभाग ने अब ट्रैक बदलकर अपनी प्रासंगिकता साबित करने की कोशिश की है। शासन के निर्देश पर युवाओं को रोजगार दिलाने के लिए रोजगार मेले लगाए जा रहे हैं। हाल ही में लगे रोजगार मेले में जिले के 44 बेरोजगारों को लखनऊ की एक कंपनी ने फील्ड ऑफीसर पद पर रोजगार दिया है। शनिवार को इन चयनित युवकों को लखनऊ से आए कंपनी के अधिकारियों ने नियुक्ति पत्र जारी किए।
मौजूदा समय में जिला सेवायोजन कार्यालय में 43522 बेरोजगार युवा पंजीकृत हैं। इनमें 13747 शिक्षित व 1171 अशिक्षित युवाओं ने इस वर्ष पंजीकरण कराया है। बेरोजगारों की बढ़ती संख्या से चिंतित शासन ने पंजीकृत युवाओं को मेले के जरिए रोजगार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए थे। इस पर उप निदेशक सेवायोजन अशोक वर्मा ने 24 जनवरी को शहर में रोजगार मेले का आयोजन किया था। इसमें 222 युवाओं ने ऑनलाइन रोजगार के लिए आवेदन किया। मेले में आई लखनऊ की एमबीटी कंपनी ने आवेदनकर्ताओं का इंटरव्यू लेने के बाद 44 युवाओं का चयन कर उन्हें कंपनी में फील्ड ऑफीसर पद का ऑफर दिया। एक सप्ताह बाद कंपनी के चीफ एक्जीक्यूटिव सैयद अंसारी, योगेंद्र, अरविंद और नौशाद सेवायोजन कार्यालय पहुंचे और उन्होंने शनिवार को चयनित युवाओं को प्रशिक्षण देकर उन्हें नियुुुक्ति पत्र जारी किया। हालांकि कार्यालय में बड़ी संख्या में पंजीकृत बेरोजगार युवाओं की संख्या देखते हुए सेवायोजन कार्यालय फरवरी और मार्च के अंतिम सप्ताह में रोजगार मेले की तैयारी में जुटा है। इस बार मेले में कई कंपनियां आने की संभावना जताई गई है। वहीं मल्टीनेशनल कंपनियों को भी मेले में लाने का प्रयास अधिकारी कर रहे हैं। सेवायोजन अधिकारी अशोक वर्मा ने दावा किया है कि आगामी मेलों के जरिए बड़ी संख्या में बेरोजगारों को रोजगार उपलब्ध होंगे। उन्होंने कहा कि पंजीकृत बेरोजगार ऑनलाइन आवेदन भी कर सकते हैं।