अफसर आज स्वच्छता
की हकीकत जानेंगे
स्वच्छ भारत मिशन के तहत नागरिकों से होंगे रूबरू
ईओ ने पालिका कर्मियों के साथ बैठक कर लिया फीडबैक
अमर उजाला ब्यूरो
उझानी (बदायूं)।
स्वच्छ भारत मिशन के तहत सफाई व्यवस्था समेत योजना से जुड़े अहम बिंदुओं पर गौर करने के लिए शुक्रवार को केंद्रीय अफसरों की टीम यहां पहुंचेगी। तीन सदस्यीय टीम दो दिन तक नगर में ही रहेगी। इस दौरान पालिका कर्मियों से अभिलेखीय जानकारी हासिल करने के साथ गली-मोहल्लों में पहुंचकर अफसर स्वच्छता की हकीकत पर भी गौर करेंगे।
स्वच्छता सर्वेक्षण के लिए केंद्र सरकार की ओर से नगर पालिकाओं में टीम भेजकर फीडबैक लेने का जो फरमान जारी किया गया था, उसके तहत केंद्रीय अफसर रजनीश कुमार की अगुवाई में तीन सदस्यीय टीम शुक्रवार सुबह में यहां पहुंचेगी। टीम में शामिल अफसर पालिका कार्यालय में स्वच्छता से जुड़ी अभिलेखीय जानकारी हासिल करने के बाद उन सभी मोहल्लों में पहुंचेंगे जिनके बारे में स्थानीय अफसर बेहतर व्यवस्था का दावा करते रहे हैं। सूत्रों की मानें तो केंद्रीय टीम के अफसर नागरिकों से भी बात करेंगे। पालिका ने नगर को चार जोन में बांटकर सर्वेक्षण कराने के लिए व्यवस्थाएं की हैं।
केंद्रीय टीम के पहुंचने के मद्देनजर बृहस्पतिवार को पालिका कार्यालय में अभिलेखीय जानकारियां जुटाने का भी दौर चला। ईओ संजय कुमार तिवारी समेत स्थानीय अफसरों ने कुछेक स्थानों पर पहुंचकर हालात पर भी गौर किया। सर्वेक्षण के दौरान अफसरों को कोई खामी नहीं मिले, इसके लिए भी कर्मचारी गली-मोहल्लों में घूमते नजर आए। खासकर सफाई व्यवस्था से जुड़े कर्मियों को तो पिछले सप्ताह ही अलर्ट पर ले लिया गया था। इधर, ईओ का कहना है कि केंद्रीय टीम दो दिन तक नगर में ही रहेगी। चारों जोन में सभी 25 वार्ड शामिल किए गए हैं। टीम के अफसर किसी भी जोन पर पहुंच सकते हैं।