बदायूं। स्कूल जाने के लिए घर से निकला कक्षा आठ का छात्र सोमवार को संदिग्ध परिस्थितियों में साइकिल समेत लापता हो गया। परिवार वाले उसे तलाश करते-करते परेशान हैं लेकिन अब तक उसका कोई सुराग नहीं लगा है। उन्होंने इसकी पुलिस को सूचना दे दी है।
कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला गांधी नगर निवासी शिक्षक दिनेश कुमार सक्सेना का 12 वर्षीय बेटा अभिषेक सक्सेना अलापुर रोड स्थित सेंट पॉल स्कूल में कक्षा आठ का छात्र है। उसी स्कूल में दिनेश की पत्नी संगीता शिक्षिका हैं। परिजनों के मुताबिक अभिषेक सोमवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे साइकिल लेकर स्कूल जाने के लिए घर से निकला था लेकिन वह स्कूल नहीं पहुंचा। इस पर संगीता ने अपने पति को फोन किया तो उन्हें पता चला कि अभिषेक स्कूल जाने को घर से निकला था लेकिन वह कहीं रास्ते से लापता हो गया है। उसके बाद परिवार वालों ने उसकी तलाश शुरू कर दी। मंगलवार देर शाम तक अभिषेक का कुछ पता नहीं चला। इससे छात्र के परिवार वालों का रो-रोकर बुरा हाल है। उन्होंने पुुलिस को सूचना दे दी है।