बदायूं। संपूर्ण समाधान दिवस में लोगों की समस्याओं को सुनकर समाधान किया गया। शहर में कार्यक्रम होने के कारण बिसौली में डीएम नहीं पहुंचे। इससे शिकायतकर्ताओं में मायूसी दिखाई दी। बिल्सी में कई अधिकारी गैरहाजिर रहे। एडीएम ने नाराजगी व्यक्त करते हुए इनकी रिपोर्ट डीएम को भेजी है। वही सदर तहसील में एसडीएम ने लोगों की समस्याओं को सुना।
बिसौली। डीएम के नहीं पहुंचने पर शिकायतकर्ताओं में मायूसी छा गई। एसडीएम किशोर कुमार ने समाधान दिवस की अध्यक्षता की। नगर के वार्ड 11 व 15 निवासी जमील, नीना, अयाजुद्दीन, शहनाज व निकहत परवीन ने प्रधानमंत्री आवास की प्रथम किस्त न आने की शिकायत की। नगर की वाल्मीकि समाज की महिलाओं ने मैला प्रथा की समाप्ति के बाद शासन व प्रशासन से कोई मदद न मिलने की शिकायत की। शिकायत करने वालों में शीला, अनीता, प्रेमवती, सुर्मिला, रीना आदि प्रमुख थीं। इस मौके पर सीओ सर्वेंद्र सिंह, तहसीलदार आरपी चौधरी, पूर्ति निरीक्षक प्रदीप कुमार, बीडीओ शंकरलाल, एसडीओ विद्युत आरके सिंह, बीईओ राशिद अनवर, सीडीपीओ अल्पना जौहरी आदि मौजूद रहे।
बिल्सी। एडीएम एफआर नरेंद्र बहादुर सिंह की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस हुआ। इसमें करीब 29 शिकायती पत्र प्राप्त हुए। ज्यादातर शिकायतें चकबंदी, राशन वितरण प्रणाली, जल निगम, बिजली, भूमि पर अवैध कब्जे व पुलिस विभाग से जुड़ी थीं। उन्होंने शिकायतों का एक सप्ताह के अंदर गुणवत्ता के साथ निराकरण करने के निर्देश दिए। इस दौरान चकबंदी अधिकारी सदर, एसीओ हैदलपुर, मुजरिया, एई लोक निर्माण विभाग निर्माण खंड, प्रांतीय खंड, जेई लोक निर्माण विभाग निर्माण खंड एवं खाद्य सुरक्षा अधिकारी गैरहाजिर रहे। इनके खिलाफ कार्रवाई किए जाने को लेकर रिपोर्ट डीएम को भेजी है।