यह खबर शहर के बिजली उपभोक्ताओं को राहत देने वाली है। शहर विधायक के अनुरोध पर ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा ने उत्तर प्रदेश पावर कारपोरेशन के प्रबंध निदेशक को बदायूं शहर को बिजली कटौती से मुक्त करने के निर्देश दिए हैं।
सरकार का दावा है कि शहरों को 24 घंटे सप्लाई दी जा रही है, इसके विपरीत बदायूं शहर में बीते कई माह से बिजली की अघोषित कटौती से जनता बुरी तरह से परेशान है। किस समय सप्लाई ठप हो जाए यह कुछ नहीं पता। चूंकि उमस भरी गर्मी भी खूब पड़ रही है सो ऐसे में बिजली की कटौती किए जाने से जनता और भी ज्यादा दुखी है। जनता अधिकारियों को पत्र देकर अपने रोष को जाहिर कर चुकी है। इस समस्या को लेकर शहर विधायक महेश चंद्र गुप्ता मंगलवार को लखनऊ जाकर ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा से मिले। शहर विधायक ने कहा कि नवादा से पोषित मीराजी चौकी और मीरा सराय स्थित उपकेंद्र को रोजाना चार से छह घंटे तक की कटौती की जा रही है। जबकि शहर में 24 घंटे की सप्लाई का शेड्यूल है। अघोषित कटौती से जनता परेशान हैं। ऊर्जा मंत्री श्री शर्मा ने कारपोरेशन के एमडी को आदेश जारी किए कि तत्काल प्रभाव से बदायूं शहर की कटौती बंद की जाए। विधायक के साथ भाजपा नेता डीपी भारती, राजेश्वर सिंह पटेल भी थे।
--
बिजली कटौती से जनता में आक्रोश
कुंवरगांव। कस्बा समेेत क्षेत्र में बिजली की अघोषित कटौती से जनता में बेहद आक्रोश है। 24 घंटे में जनता को आठ से दस घंटे की सप्लाई मिल पा रही है उसका भी कोई समय निर्धारित नहीं है। उपभोक्ताओं ने कहा कि बिजली की अंधाधुंध कटौती से सभी तरह के कुटीर उद्योग धंधे भी चौपट हो गए हैं। साथ ही जनता को और भी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। यदि जल्द ही कटौती बंद नहीं की गई तो वे सड़क पर आकर आंदोलन को मजबूर होंगे।