फोटो--29
जिला कारागार की बाहरी सुरक्षा करेगी पीएसी
जेल अधीक्षक ने मांगी सुरक्षा, आरआई ने देखी व्यवस्था
अमर उजाला ब्यूरो
बदायूं। जिला कारागार की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए पीएसी लगाई जाएगी। इसके लिए कुछ स्थान चिह्नित किए गए हैं। जेल के मुख्य द्वार और बाहरी दीवारों के सहारे पीएसी तैनात करने का निर्णय लिया है। आरआई लाइन ने शुक्रवार दोपहर जिला कारागार पहुंचकर रणनीति बनाई और यहां की व्यवस्थाएं चेक कीं।
जेल प्रशासन को असुरक्षित व्यवस्था का उसी दिन आभास हो गया था। जब विचाराधीन बंदी सुमित जेल की दीवार लांघकर रस्सी के सहारे फरार हुआ था। अगर उस दिन जेल के बाहरी सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होती, तो शायद बंदी उसी समय पकड़ा जाता। उसे जेल से फरार होने का मौका ही नहीं मिलता। उससे पहले रस्सी फेंकने वाले ही पकड़े जाते। बंदी फरार होने से जेल प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था सवालों के घेरे में खड़ी हो गई। जेल प्रशासन के अलावा जिला प्रशासन को मानना पड़ा कि कहीं न कहीं सुरक्षा व्यवस्था में लापरवाही रही। इस वजह से बंदी को फरार होने का मौका मिला। हालांकि इस मामले में अभी शासन ने कोई निर्णय नहीं लिया है। संभावना जताई जा रही है कि किसी ने किसी अधिकारी पर इसकी गाज गिर सकती है। परंतु इससे पहले जेल अधिकारियों ने जेल की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने का निर्णय लिया है। जेल अधीक्षक कैलाश पति त्रिपाठी ने एसएसपी से मांग की है कि जेल के बाहर पीएसी को तैनात किया जाए। उन्होंने कहा है कि जिला कारगार में बंदी रक्षकों की कमी चल रही है। ऐसे में कम से कम बाहर की सुरक्षा मजबूत हो जाए तो ऐसी घटना नहीं होगी।
इधर, शुक्रवार दोपहर एसएसपी अशोक कुमार के आदेश पर आरआई अवध सिंह जिला कारागार पहुंचे। उन्होंने कुछ ऐसे स्थानों को चिह्नित किया, जहां पीएसी के जवानों को लगाया जा सके। इसके लिए मुख्य रूप से जेल का मुख्य द्वारा और दीवार के सहारे कुछ स्थाना चिह्नित किए गए हैं। संभवता जल्द ही पीएसी को तैनात कर दिया जाएगा।
वर्जन-
-जेल में स्टाफ की कमी चल रही है। अभी ऐसी कोई व्यवस्था नहीं है, जिससे स्टाफ को बढ़ाया जाए। सुरक्षा बढ़ाने का दूसरा विकल्प पीएसी है। दूसरे जिलों में जिला कारागार की सुरक्षा में पीएसी लगी है। इसलिए यहां भी सुरक्षा के लिए पीएसी की मांग की है।
-कैलाश पति त्रिपाठी, जेल अधीक्षक