अतिक्रमण और जाम शहर की सबसे बड़ी समस्या है। भाजपा की केंद्र-प्रदेश में सरकार है। यही नहीं सदर विधायक से लेकर चेयरमैन भी सत्ता पक्ष का है। सत्ता पक्ष का चेयरमैन बनने के बाद लोगों को उम्मीद थी कि शहर में बदलाव आएगा, कुछ बदलाव दिखा भी लेकिन अतिक्रमण ने सब चौपट कर दिया। स्थिति यह है कि कब किस बाजार में जाम लग जाए, इस बारे में कोई नहीं बता सकता। इसी के चलते अब 14 मई से अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाने का निर्णय किया गया है जिससे लोगों को कुछ उम्मीद जगी है। इस संबंध में बुधवार को हुई बैठक में निर्णय किया गया।
सड़क पर अवैध कब्जा
शहर के सबसे व्यस्ततम रहने वाला छह सड़का। इस रोड पर दिन भर पैर रखने के लिए लोगों को जगह नहीं मिल पाती। वजह है दुुकानदारों का सड़क पर अवैध रूप से कब्जा। दुकानदारों का कुछ सामान ही दुकान में रहता है। जबकि उससे अधिक सामान सड़कों पर फैला रखा है।
सड़क के दोनों ओर डाले तख्त
शहर के मुख्य बाजार में चूना मंडी भी शामिल है। इस रोड पर कपड़ा दुकानदारों ने रोड के दोनों ओर दुकान के बाहर अपने-अपने तख्त डाल रखे है। जिस पर दुकानों का सामान फैला रहता है। इस वजह से रोड की चौड़ाई कम हो गई है। हालत यह हो गई है कि लोगों का निकलना दुर्भर हो जाता है।
चबूतरों के कारण अतिक्रमण
सराफा बाजार की सड़क अतिक्रमण की वजह से गली में तब्दील हो गई है। हालत यह है कि यहां पर टेंपो के साथ बाइक निकलने पर जाम की स्थिति पैदा हो जाती है। यहां तो दुकानदारों ने दुकान के आगे चबूतरे बना लिए हैं।
शिकायतों के बाद भी समाधान नहीं
शहर का मोहल्ला सुभाष। यहां स्थित चौराहा पर सुबह से लेकर शाम तक जाम की स्थिति बनी रहती है। दुकानदारों ने हद से ज्यादा दुकानों का सामान सड़क पर डाल रखा है। इस वजह से निकलने में परेशानी का सामना करना पड़ता है। इसको लेकर कई बार लोगों ने पालिका व पुलिस से शिकायत की लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो सका।
अतिक्रमण हटाओ अभियान में किसी के साथ में अन्याय नहीं होगा। जो भी सड़क पर अतिक्रमण किए हुए हैं। उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
-निशा मिश्रा, ईओ
शहर सुंदर बनाना हमारा लक्ष्य है। लेकिन कुछ लोगों की वजह से शहर अपना वास्तविक रूप खो चुका है। हम लोगों को मिलकर शहर को सुंदर बनाना है। अतिक्रमण में रोड़ा बन रही दुकान हो या खंभा सभी को हटाया जाएगा।
-दीपमाला गोयल, चेयरमैन