नए साल की पहली सुबह कोहरे में लिपटी
दिन में छाए रहे हल्के बादल, धूप भी निकली पर हल्की, शाम होते ही फिर ठंड का कहर
अमर उजाला ब्यूरो
बदायूं। नए साल 2018 की पहली सुबह कोहरे की चादर से ढकी रही। साल का पहला दिन इस सीजन का सबसे ठंडा रहा। दिन में हल्के बादल छाए रहे। दोपहर को कुछ देर के लिए हल्की धूप निकली, लेकिन उससे लोगों को कोई खास राहत नहीं मिली। शाम होते ही शहर फिर कोहरे की आगोश में चला गया।
31 दिसंबर की शाम से कोहरे ने शहर को अपने आगोश में ले लिया। वहीं सर्द हवाओं के चलने की वजह से गलन भी बढ़ गई। एक जनवरी को जब लोग सुबह उठे तो आसमान पर कोहरे की चादर तनी हुई थी। इससे ठंड काफी बढ़ गई थी। ठंड की वजह से काफी देर तक लोग बिस्तर में दुबके रहे। सुबह बच्चे कंपकपाते हुए स्कूल गए। आसमान में हल्के बादल छाए रहे, जो दोपहर बाद हटे, तब निकली धूप से लोगों को हल्की राहत मिली। ठंड से बचाव के लिए लोग जगह-जगह अलाव जलाए हुए थे। वरिष्ठ फिजिशयन डॉ. अरुण यादव ने कहा कि सर्दी को हल्के में न लें। घर के बच्चों और बुजुर्गों का खास ध्यान रखना चाहिए। रोज की दिनचर्या में पहनावे से लेकर खान-पान में खास ख्याल रखने की जरूरत है। वहीं सर्दी में बुजुर्गों में डायबिटीज और हाइपरटेंशन की परेशानी बढ़ जाती है। बच्चों में सर्दी और खांसी की समस्या आम हो जाती है। लोग इस मौसम में सर्दी से बचाव के लिए अचानक चाय और कॉफी पीने लगते हैं, लेकिन यह स्वास्थ्य के लिए ठीक नहीं होता।
-----
बुजुर्गों का रखें ख्याल
-सुबह की सैर पर तभी जाएं, जब कुहासा खत्म हो जाए, सैर से घर लौटने पर थोड़ा विश्राम करें, इसके बाद ही काई अन्य काम शुरू करें, बीपी और शुगर का स्तर लगातार जांचते रहें, हल्का हल्का ही सही लेकिन व्यायाम जरूर करें, हीटर या ब्लोअर का प्रयोग करने से बचें, शरीर को गर्म रखने के लिए पूरे कपड़े पहनें।
----
बच्चे के लिए बचाव
बच्चे को पूरे कपड़े सुबह से देर रात तक पहनाएं, खाली पेट कभी नहीं रखें, रूम हीटर से काफी दूर रखें, ब्लोअर का इस्तेमाल बिल्कुल न करें।
--------
छुट्टी कराने की मांग
बदायूं। उत्तर प्रदेशीय टेट प्राथमिक शिक्षक एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने बीएसए को ज्ञापन सौंपा। इसमें जिलाध्यक्ष चक्रेश कुमार ने कहा कि प्रदेश में अत्याधिक ठंड, कोहरा व शीत लहर का प्रकोप जारी है। इस कारण छात्र-छात्राओं, शिक्षक, शिक्षकाओं को अत्यधिक परेशानी हो रही है। इसलिए अन्य जिलों की तरह यहां पर भी शीत अवकाश घोषित करवाया जाए। इस मौके पर सुरजीत बाबू गुप्ता, विनीत यादव, मोहम्मद आफाक, तपेश कुमार, सचिव वघेल आदि मौजूद रहे।
-------
हादसे में गई किशोरी की जान
सड़क हादसों में शिक्षक, शिक्षिका समेत पांच लोग घायल
अमर उजाला ब्यूरो
बदायूं।
साल के पहले दिन घना कोहरा पड़ा तो कई जगह वाहनों में टक्कर हो गई। एक हादसे में बाइक सवार भाई-बहन घायल हुए। इसमें इलाज के दौरान बहन की मौत हो गई। जबकि दो अन्य हादसों में शिक्षक और शिक्षिका समेत चार लोग घायल हो गए।
म्याऊं। थाना अलापुर क्षेत्र के गांव बिशारतनगर निवासी देवेंद्र पुत्र जयवीर सोमवार सुबह बाइक से साकार विश्रहरि का सत्संग सुनने जा रहे थे। उनकी बहन रजनी (14) भी बाइक पर साथ बैठी थी। ईट भट्टा के पास एमएफ हाइवे पर अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। इससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। इन्हें राहगीरों ने किसी प्राइवेट वाहन से जिला अस्पताल भेज दिया। वहां रजनी की मौत हो गई। देवेंद्र का इलाज चल रहा है।
वजीरगंज। कस्बे के मोहल्ला गौंटिया वार्ड नंबर 2 निवासी रामवीर का पुत्र नितिन(17), जगतपाल की सुबह लगभग 9 बजे ग्राम हतरा जा रहे थे। सामने से तेज गति से आ रही बोलेरो ने टक्कर मर दी जिससे दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेज दिया। वहां से नितिन को बरेली रेफर कर दिया गया।
दहगवां। सोमवार सुबह शिक्षक मनोज कुमार और शिक्षिका दीपा शर्मा उच्च प्राथमिक विद्यालय नदायल में जाने को एक बाइक से निकले। यह लोग जब बागवाला के पास पहुंचे तब एक बंदर अचानक से बाइक के सामने आ गया। इसकी वजह ये दोनों बाइक से गिर गए और इन्हें काफी चोटें आईं। इन्हें बदायूं के निजी अस्पताल भर्ती कराया गया है।