उझानी (बदायूं)। सोलह दिन पहले मासूम बालक हिमांशु मौर्य की दुष्कर्म के बाद हत्या के मामले में अभी तक कातिल का पता नहीं लगने से घरवाले आहत हैं। घरवालों को छोड़िए पुलिस को भी अभी तक यह पता नहीं लग पाया है कि मासूम को गलाघोंट कर किसने मारा। मृतक के पिता ने मुख्यमंत्री के नाम चिट्ठी भेजकर कातिल को पकड़वाने और सजा दिलाने की मांग की है।
कोतवाली क्षेत्र के गांव फतेहपुर निवासी रामसेवक मौर्य के बेटे हिमांशु(06) मौर्य का शव 11 नवंबर को गांव के बाहर बाजरा के पूलों में मिला था। उसके साथ दुष्कर्म भी किया गया था। मृतक के पिता रामसेवक और चाचा धर्मवीर का कहना है कि पुलिस अभी तक किसी नतीजे पर नहीं पहुंची है। कातिल गांव का ही कोई शख्स है या फिर बाहर, यह तो पुलिस को जांच करके पता लगाना चाहिए। दो दिन पहले मृतक के घरवाले कोतवाली से पहुंचकर पुलिस कर्मियों से भी मिले। पुलिस ने उन्हें जल्द ही कातिल का पता लगाकर पकड़ने का भरोसा भी दिलाया। इस बीच, रामसेवक ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को चिट्ठी भेजी है। केस के खुलासे की गुहार के साथ रामसेवक का यह भी कहना है कि घटना के बाद से उनका परिवार दहशत और सदमे के दौर से गुजर रहा है।
केस पर पड़ा इलेक्शन का साया
उझानी। मासूम हिमांशु की दुष्कर्म के बाद हत्या के मामले में कोतवाली पुलिस ने शुरू के दिनों में खासी सक्रियता दिखाई लेकिन निकाय चुनाव में फोर्स की व्यस्तता की वजह से जांच की रफ्तार धीमी हो गई। यह बात मृतक के घरवाले भी जानते हैं। धर्मवीर ने बताया कि हमें पता है कि पुलिस फोर्स कई और जगह भी चुनाव कराने मेें लगा है और मतगणना तक पुलिस को व्यस्त रहना पड़ेगा लेकिन ऐसे केस में किसी भी तरह कातिल को फायदा पहुंचा सकती है।