उझानी (बदायूं)। सावन के अंतिम सोमवार को जाभिषेक के करने वाले कांवड़ियों का रविवार को कछलाघाट पर सैलाब उमड़ पड़ा। विभिन्न जिलों के हजारों कांवड़ियों ने कछला गंगाघाट पहुंचकर कांवड़ का पूजन किया और गंगाजल भरा। कांवड़ियों और उनके साथ चल रहे शिवभक्तों के जयकारों से हाईवे से लेकर गंगाघाट तक पूरा इलाका हर-हर महादेव के जयकारों से गूंज उठा।
रविवार सुबह से ही कछला गंगाघाट पर कांवड़ियों के जत्थे पहुंचने लगे। हालांकि कांवड़िये रात में भी पहुंचे, लेकिन पूर्वाह्न में सबसे ज्यादा भीड़ रही। गंगा में डुबकी लगाने के बाद कांवड़ियों ने पूजन कर कांवड़ यात्रा शुरू की। कांवड़ यात्रा देर रात तक जारी रही। शिवभक्तों की टोलियों में उत्साहित युवकों ने भगवान भोलनाथ का गुणगान भी किया। भोले और पार्वती के जयकारे लगाते हुए शिवालयों की ओर बढ़ रहे कांवड़ियों में खासा उत्साह था।
बरेली-मथुरा हाईवे पर कछला से लेकर बदायूं तक भीड़ को लेकर पुलिस को भी सुरक्षा के विशेष इंतजाम करने पड़े। सुबह में भीड़ कम होने पर वाहनों को गुजरने की छूट दी गई, लेकिन दोपहर में रूट डायर्वजन फिर से लागू कर दिया गया। इधर, मंडी समिति मोड़ पर आढ़तियों ने कांवड़ियों के लिए भंडारे का आयोजन किया। भंडारे में शिवभक्तों को प्रसाद ग्रहण कराया गया। व्यापारियों में सुरेंद्र गुप्ता, राजकुमार बंसल, महेंद्र गुप्ता, रोहताश गुप्ता, छोटू रस्तोगी, अजय चौधरी, केके वार्ष्णेय आदि का सहयोग रहा।
पूर्णिमा पर उमड़ेगा आस्था का सैलाब
उझानी। सावन का अंतिम सोमवार होने के साथ इसी दिन पूर्णिमा भी है। पूर्णिमा और कांवड़ियों का अंतिम पड़ाव होने की वजह से घाट पर खासी भीड़ रहेगी। पुलिस और प्रशासनिक अफसरों ने इसी के मद्देनजर रविवार शाम को कछला घाट पर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। तहसीलदार सदर आरपी चौधरी और सीओ गमलेश्वर विल्टोरिया ने अधीनस्थों से व्यवस्थाओं को लेकर बात की।