उझानी (बदायूं)।
कछला से जल भरकर ट्रैक्टर-ट्रॉली से नाचते-गाते निकले बरेली के कांवड़ियों की टोली में शामिल एक शिवभक्त हादसे का शिकार हो गया। वह टोपी उठाने के लिए ट्रॉली से कूदा तो सिर के बल सड़क पर गिर पड़ा। जिससे उसका सिर फट गया। साथी कांवड़िये उसे लेकर अस्पताल पहुंचे लेकिन डॉ. निरंजन सिंह ने देखते ही उसे मृत घोषित कर दिया। इसके अलावा एक अन्य हादसे में बाइक सवार दो कांवड़िये घायल हो गए।
पहला हादसा बरेली-मथुरा हाईवे पर गांव छतुइया के पास बृहस्पतिवार दोपहर में हुआ। बरेली में अलीगंज थाना क्षेत्र के गांव मंशारामपुर निवासी कांवड़ियों की टोली कछला से जल भरकर धूम मचाते हुए निकली थी। ट्रैक्टर-ट्रॉली पर कई शिवभक्त सवार थे। इसी दौरान बरेली जिले में अलीगंज थाना क्षेत्र के गांव मंशारामपुर निवासी 18 वर्षीय लेखराज पुत्र स्व. रामभरोसे के सिर से टोपी उड़ गई। लेखराज टोपी उठाने के लिए ट्रॉली से कूद पड़ा। कूदते वक्त उसका संतुलन बिगड़ गया। वह सिर के बल सड़क पर गिर गया। उसका सिर फट गया। गंभीर हालत में उसे एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर लाया गया। चिकित्साधिकारी निरंजन सिंह ने उसे देखते ही मृत घोषित कर दिया। मृतक लेखराज के साथ मौजूद चेतराम और नरेश ने बताया- मंशारामपुर के शिवभक्तों की टोली में करीब 80 लोग शामिल हैं। उन्होंने फोन पर अपने घरवालों को भी हादसे से अवगत करा दिया है। प्रभारी निरीक्षक संजय गोयल का कहना है कि शव को कब्जे में ले लिया गया है। ट्रैक्टर मृतक लेखराज के ही गांव के सोबरन का है। सोबरन ही ट्रैक्टर चला रहा था।
इसके अलावा बाइपास पर बाइक सवार कांवड़िये पीलीभीत की निरंजनकुंज कॉलोनी निवासी सुरेश (35) और उसका छोटा भाई 30 वर्षीय वेदप्रकाश सड़क हादसे में घायल हो गए। सुरेश और वेदप्रकाश जल भरने के लिए पीलीभीत के युवकों के साथ कछला को निकले थे।