बदायूं। जगत ब्लॉक के गांव कुपरी में सीडीओ निशा अनंत ने किसान पाठशाला के तहत किसानों को सरकारी योजनाओं के बारे में बताया। जिला कृषि अधिकारी ने फसल और एलडीएम ने बैंकों के संबंध में किसानों को पूरी जानकारी दी।
सीडीओ ने किसानों को बताया कि शासन की ओर से लगातार उनके हित के लिए योजनाएं चलाई जा रही हैं, जिनका लाभ किसान लेकर अपनी आय को दोगुना करने का प्रयास कर सकते हैं। जिला कृषि अधिकारी विनोद कुमार ने कहा कि उन्होंने जैविक खेती अपनाएं और साथ में पशुपालन भी करें। इससे आय में तो वृद्धि होगी ही पशुपालन से दूध घी बढ़ेगा और जैविक कीटनाशक और जैविक खाद तैयार की जा सकती है। उन्होंने बताया कि धान की सीधी बुवाई के लिए पैडी ड्रम सीडर का प्रयोग करें, साथ ही फसल चक्र भी अपनाएं। मधुमक्खी पालकर आय दोगुनी की जा सकती है। लीड बैंक मैनेजर श्याम पासवान ने प्रधानमंत्री जीवन ज्योति, प्रधानमंत्री जीवन सुरक्षा, अटल पेंशन योजना के बारे में विस्तार से चर्चा की। जगत बीडीओ राम दुलार ने मनरेगा, पौधरोपण आदि के बारे में बताया।