वेलेंटाइन डे आज, दो दिल मिल रहे हैं मगर चुपके-चुपके
होटलों के इर्दगिर्द रहेंगे बजरंगी, प्रेमियों पर रहेगी नजर
पुलिस करेगी शहर में मूवमेंट, किसी को सताया तो होगी कार्रवाई
अमर उजाला ब्यूरो
बदायूं। बुधवार वेलेंटाइन डे यानि प्रेमियों का दिन है। इस खास दिन को लेकर जहां बाजार और प्रेमियों ने खास तैयारी की है, वहीं प्यार का इजहार चोरी छिपे ही होने का चांस है। हालांकि अब तक किसी संगठन ने खुलकर प्रेमियों के विरोध का एलान नहीं किया है पर बजरंग दल वालों ने अश्लीलता होने पर पुलिस से शिकायत कर प्रेमियों को सबक सिखाने का मन जरूर बनाया है। पुलिस भी पूरे दिन चौकस रहेगी।
कई युवा इस दिन को खास बनाने के मूड में हैं। शादीशुदा लोग भी इस दिन की तैयारी में अभी से जीजान से जुटे हैं। यही वजह है कि पार्लर व मार्केट में मंगलवार को खासी भीड़ रही।
यहां कुछ संगठन बिना घोषणा के अंदरखाने प्रेमियों के विरोध की तैयारी कर रहे हैं तो वहीं बजरंग दल ने बैठक करके इस दिन के लिए अपनी गतिविधियों की घोषणा कर दी है। बजरंग दल के सह जिला संयोजक कुनाल राठौर ने बताया कि यह दिन पश्चिमी सभ्यता का अंग है और भारतीय संस्कृति के विरुद्ध है। बैठक करके निर्णय लिया गया है कि इसका विरोध किया जाएगा। संगठन के कार्यकर्ता होटल, रेस्टोरेंट, कॉफी पार्लर आदि स्थानों पर रहकर निगाह रखेंगे कि कोई अवांछित गतिविधि तो नहीं हो रही। लोगों को समझाया जाएगा कि यह सही नहीं है। लोग नहीं मानेंगे तो पुलिस की मदद ली जाएगी।
000000000
किसी से प्रेम करना या मिलना जुलना गैरकानूनी नहीं है। अश्लीलता की स्थिति में जरूर पुलिस कार्रवाई करती है। इसलिए वेलेंटाइन डे पर पुलिस नजर रखेगी कि कोई संगठन किसी को बेवजह परेशान न करे। अगर ऐसा किया गया तो पुलिस दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करेगी। कानून हाथ में लेने का हक किसी को नहीं है, अगर किसी बात पर आपत्ति है तो पुलिस से शिकायत कर सकते हैं।
- कमल किशोर, एसपी सिटी
00000000
गिफ्ट का बाजार गुलजार, हर रेंज के आइटम
बदायूं। वेलेंटाइन डे पर शहर के बाजार में खास तैयारियां की गई हैं। गिफ्ट आदि की दुकानें सजी हुई हैं। हालांकि इनकी खरीदारी बचते बचाते ही हो रही है।
शहर में छड़ सड़का, टिकटगंज और मेन मार्केट में गिफ्ट की दुकानों पर वेलेंटाइन डे से संबंधित गिफ्ट की बहार है। सोशल मीडिया के विभिन्न संसाधनों और मैसेज के दौर में वेलेंटाइन डे कार्ड का फैशन तो लगभग खत्म ही हो गया है, इसलिए ज्यादातर दुकानों पर कार्ड नहीं हैं। इसकी बजाय कई तरह के टैडीबियर, पर्स आदि आइटम की भरमार है। लिप्स और दिल के आकार के शोपीस की काफी डिमांड है। शानदार बुके भी उपलब्ध हैं। इसके अलावा स्पेशल ब्रेसलेट भी बिक रहे हैं। वेलेंटाइन डे के गिफ्ट पचास रुपये से लेकर पंद्रह सौ रुपये तक की रेंज में आसानी से उपलब्ध हैं। सराफा मार्केट में भी इस त्योहार की वजह से बिक्री में इजाफा हुआ है। शादीशुदा लोग भी अपनी बीवियों को ज्वैलरी जैसे गिफ्ट दे रहे हैं।
00000000000
सोशल साइट्स पर होगा इजहार
बदायूं। चूंकि बुधवार को महाशिवरात्रि की वजह से कॉलेज बंद रहेंगे, इसलिए कई कॉलेज में प्रेमियों ने मंगलवार को एडवांस में ही वेलेंटाइन डे मना लिया। विश करने और गिफ्ट लेनदेन जमकर हुआ। वहीं, बुधवार को माहौल की सख्ती की वजह से लोग व्हाट्स ऐप, फेसबुक और ट्विटर को प्रेमसंदेश देने का माध्यम बना सकते हैं। हालांकि तीन दिन पहले से ही महाशिवरात्रि और वेलेंटाइन डे को जोड़ते हुए संबंधित मैसेज सोशल साइट्स पर धूम मचा रहे हैं।