उझानी (बदायूं)।
सावन के पांचवें सोमवार पर जलाभिषेक के लिए कांवड़ यात्रा शुरू हो गई हैं। बम-बम भोले की गूंज के साथ हाईवे पर होकर गुजरे शिवभक्तों ने जमकर धमाल किया। कलाकारों के साथ नाचते-गाते शिवालयों की ओर बढ़े कांवड़ियों में गजब का उत्साह नजर आया। बाजार में दुकानदारों ने भोले के भक्तों का उत्साह बढ़ाया।
कछला गंगाघाट पर कांवड़ में जल भरने के लिए पहुंचे शिवभक्तों ने आस्था की डुबकी लगाने के बाद पूजा-अर्चना की। पूजन के दौरान कांवड़ियों ने मंत्रोच्चार किया। गंगा स्नान देर शाम तक चलता रहा। कांवड़ियों की संख्या में शाम से ही इजाफा शुरू हो गया लेकिन दोपहर में भी कई टोलियां धूम मचाती हुई हाईवे से होकर शिवालयों की ओर चलीं तो उत्साहित शिवभक्तों ने कलाकारों के साथ मनमोहक नृत्य किया। भोले के भजनों पर थिरकते कलाकारों ने दुकानदारों का भी मनोरंजन कराया। कछला और घंटाघर चौराहे पर कांवड़ियों की टोलियों का स्वागत किया गया। स्वागत करने वालों ने शिवभक्तों की हौसला अफजाई भी की।
कछला से जल लेकर निकले शिवभक्तों में पीलीभीत के पूरनपुर निवासी संतोष कुमार ने बताया- उनकी टोली शिवतेरस पर गोला गोकर्णनाथ पहुंचकर भोले का जलाभिषेक करेगी। संतोष की टोली में शिवभक्तों में कांवड़ यात्रा के दौरान गजब का उत्साह नजर आया। बरेली और आसपास की टोलियां आंवला क्षेत्र के गौरीशंकर मंदिर के लिए कूच कर गई हैं। साइकिल सवार शिवभक्तों का जत्था भी हाईवे से होकर निकला। इधर, शिवभक्तों के लिए छतुइया रेल फाटक के नजदीक भंडारे में सब्जी-पूड़ी का प्रसाद वितरित किया गया। मंडी समिति मोड़ के पास भी भंडारे में शिवभक्तों ने प्रसाद पाया।
-------------------------
बाइक फिसलने से शिवभक्त घायल उझानी। कछला चौराहे के पास बुधवार सुबह बरेली के भमोरा क्षेत्र के कांवड़ियों की टोली में शामिल शिवभक्त नरेंद्र (30) की बाइक फिसल गई। बाइक फिसलते ही वह सड़क पर गिर पड़ा। उसके दोनों पैर लहूलुहान हो गए। कांवड़ियों ने ही उसका मौके पर प्राथमिक उपचार कर लिया। बाद में उसे टोली के साथ ट्रैक्टर-ट्रॉली पर बैठा लिया गया। हादसे के बाद भी उनकी कांवड़ यात्रा जारी रही।