बदायूं। सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के गांव कठौली में होली पर डीजे पर बज रहे गाने को लेकर कहासुनी के बाद हुई पत्थरबाजी के मामले में पुलिस ने 15 लोगों को नामजद करते हुए 40 से 50 अज्ञात लोगों के खिलाफ संगीन धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है। मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। साथ ही घायलों का उपचार जिला अस्पताल में चल रहा है।
गांव निवासी ओमकार ने दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा है कि वह अनुसूचित जाति से है। बुधवार को होली को लेकर गांव के ही ठाकुर जाति के लोग डीजे पर गाने चला रह थे। गाना जाति सूचक चलाने से मना करने पर मारपीट करने लगे। गांव के लोगों ने समझाकर मामले को शांत कर दिया। कुछ ही देर बाद 40-50 लोग एक साथ आ गए और घर में घुसकर हमला कर दिया।
परिवार के लोगों को घर से खींचकर सड़क तक ले आए और लाठी-डंडों से मारपीट करने लगे। इस दौरान मोहल्ले में अफरातफरी मच गई। आरोप है कि आरोपियों ने सड़क पर दौड़कर पिटाई की। साथ ही जाति सूचक गाली भी दीं। 15 नामजद करते हुए 40-50 अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों की तलाश में दबिश देनी शुरू कर दी है।
यह लोग किए गए नामजद
संजीव, बब्लू, नवनीत तोमर, शनी तोमर, अक्षय, शनी, मोनू शर्मा, मोहित शर्मा, अंकित, प्रिन्स, अर्पित शर्मा, विजय, अनिल कुमार सिंह, हिमांशु, सुशांत को नामजद किया गया है। साथ ही 40-50 अज्ञात लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई है।
शिकायती पत्र के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले की विवेचना की जा रही है। आरोपियों की तलाया में पुलिस टीम दबिश दे रही है। -रजनेश उपाध्याय, सीओ सिटी