जरीफनगर (बदायूं) कादराबाद-जरीफनगर के बीच गुरुवार सुबह एक ट्रक और ट्रैक्टर-ट्रॉली में आमने-सामने जबरदस्त भिड़ंत हो गई, जिसमें ट्रक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह केबिन काटकर चालक को बाहर निकाला। उसके बाद उसे जिला अस्पताल भेज दिया।
हादसा गुरुवार सुबह कादराबाद और जरीफनगर के बीच हुआ। उस समय संभल जिले के ग्राम जुनावई निवासी 32 वर्षीय वीरेंद्र ट्रक लेकर सहसवान की ओर आ रहा था। रास्ते में कादराबाद और जरीफनगर के बीच सामने से आ रहे ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रक का अगला हिस्सा काफी क्षतिग्रस्त हो गया। चालक केबिन में फंसकर गंभीर रूप से घायल हो गया। उस दौरान रास्ते से गुजर रहे लोगों ने पुलिस को तुरंत सूचना दी। जिस पर जरीफनगर पुलिस मौके पर पहुंच गई। कुछ ही देर में लोग मौके पर जमा हो गए। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से चालक को केबिन काटकर बाहर निकाला। उसके बाद घायल को तुरंत दहगवां स्वास्थ्य केंद्र भेज दिया। जहां डॉक्टर ने हालत देखकर उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
इधर, ट्रैक्टर चालक मौके पर अपना वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने दोनों वाहन अपने कब्जे में ले लिए हैं। देर शाम तक मामले में कोई कार्रवाई नहीं हो सकी थी।