शाम को पड़ रही गलन भरी सर्दी, सर्द हवा बढ़ा रही मुश्किल
बदायूं। मंगलवार को भी सर्दी का सितम पहले की तरह जारी रहा। हालांकि सुबह धूप निकली, जिससे लोगों ने राहत महसूस की, लेकिन दोपहर बाद धूप के जोश में भी कमी आ गई और गलन का अहसास बढ़ गया। शाम होते-होते तो सर्द हवा ने मुश्किल और बढ़ा दी। सबसे ज्यादा परेशानी उस तबके को हो रही है जिसके सिर पर छत नहीं है। ये लोग किसी तरह रात में अपना आसरा ढूंढ रहे हैं। ठंड के कारण स्कूलों में बच्चों की संख्या में भी कमी आई है।
हर बार की तरह सर्दी लोगों को सता रही है। गनीमत ये है कि यदि एक-दो दिन को छोड़ दें तो अब तक कोहरे का कहर नजर नहीं आया है। पिछले साल जनवरी की शुरुआत में घने कोहरे ने लोगों का घरों से निकलना दुश्वार कर दिया था। रात में तो कुछ दूरी पर सामने खड़ा व्यक्ति तक दिखाई नहीं देता था। इस बार अभी तक कोहरा तो नही पड़ा है लेकिन सर्दी अपने पूरे शबाब पर है। धूप लोगों को राहत दे रही है। सरकारी कार्यालयों में भी इसका असर देखने को मिल रहा है। अधिकतर कार्यालयों के कर्मचारी दोपहर में धूप सेकते नजर आ रहे हैं। धूप का फायदा महिलाएं घर की छतों पर कपड़े सुखाकर और आपस में बातचीत कर उठा रही हैं।
------------------------------
बढ़ गई इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की बिक्री
ठंड के कारण इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जैसे हीटर, इमर्शन रॉड, रूमहीटर आदि की बिक्री में इजाफा हो गया है। दुकानदार आशू रस्तोगी ने बताया कि इन दिनों पानी गर्म करने वाली रॉड समेत रूम हीटर की बिक्री ज्यादा हो रही है। बाजार में यह चार सौ रुपये से लेकर डेढ़ हजार तक मौजूद है। इसके अलावा देहात क्षेत्र के लोग एलीमेंट वाले हीटर ज्यादा ले जा रहे हैैं।