जहां जलभराव, वहां होगा
एंटी लार्वा का छिड़काव
मच्छर जनित बीमारियों की रोकथाम को कवायद शुरू
अमर उजाला ब्यूरो
उझानी (बदायूं)। संक्रामक बीमारियों के साथ बुखार के प्रकोप के मद्देेनजर स्वास्थ्य विभाग ने कवायद शुरू कर दी है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ने इलाके के प्रधानों को एंटी लार्वा के पैकेट मुहैया कराए हैं। प्रधानों को अपनी देखरेख में एंटी लार्वा का उन स्थानों पर छिड़काव कराया जाएगा जहां जलभराव है। इलाके के गांव गठौना में बुखार से दो बच्चों की मौत के बाद स्वास्थ्य विभाग ने अपनी जांच में संक्रामक रोग फैलने की मुख्य वजह बारिश के पानी का भराव और गलियारों में गंदगी बताई थी। इसके बाद ही मच्छर जनित बीमारियों पर अंकुश लगाने के लिए प्रधानों को बुलाकर एंटी लार्वा के पैकेट बांटने शुरू कर दिए गए। 77 प्रधानों को एंटी लार्वा के पैकेट सौंपे गए हैं। चिकित्साधीक्षक निरंजन सिंह ने बताया कि एंटी लार्वा का छिड़काव उन सभी स्थानों पर कराया जाएगा जहां जलभराव है।
-----------
इंसेट
बसोमा समेत पांच गांवों में वितरित की दवाएं
उझानी। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर बुखार के मरीजों की संख्या में वृृद्धि के बाद चिकित्साधीक्षक ने बुधवार को डॉक्टरों की दो टीमें बनाकर गांवों के लिए रवाना कर दी। बसोमा में पांच बच्चे बुखार से पीड़ित मिले। गठौना में फिर से डॉक्टर पहुंचे। इसके अलावा कटरी के गांवों में भी डॉक्टरों की अगुवाई वाली टीम ने संक्रामक रोग की चपेट में आए महिलाओं और बच्चों समेत ग्रामीणों को दवाएं बांटीं।