रोडवेज परिसर में शनिवार दोपहर सड़क सुरक्षा सप्ताह के तहत एक कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें वाहन चालकों को यातायात नियमों की जानकारी दी गई। उन्हें बताया गया कि वह वाहन चलाते समय सावधानी रखें। इससे वे स्वयं सुरक्षित रहेंगे और उनके परिवार में खुशियां रहेंगे। दूसरे लोगों को भी इससे हानि नहीं होगी।
शनिवार दोपहर आयोजित कार्यक्रम में पहुंचे मुख्य अतिथि पूर्व विधायक प्रेमस्वरूप पाठक ने कहा कि वाहन चलाना भी एक जिम्मेदारी है। चालक के हाथ में एक नहीं सैकड़ों लोगों की सुरक्षा होती है। जरा सी लापरवाही में लोगों की जान जा सकती है। इससे वे स्वयं वाहन को सावधानी पूर्वक चलाएं। खुद सुरक्षित रहें और दूसरे लोगों को भी सुरक्षित रखें। एआरएम राजेश कुमार ने बताया कि वाहन चलाते समय यातायात नियमों का जरूर ध्यान रखें। वाहन को सावधानी पूर्वक चलाएं। उनसे भी सावधान रहें, जो लापरवाही से वाहन चलाते हैं। जरूरी नहीं कि हर समय अपनी गलती हो, कभी-कभी सामने वाले की लापरवाही से हादसा हो जाता है। इस दौरान एआरटीओ प्रवर्तन सोहेल अहमद ने कहा कि वाहन चलाने से पहले लोगों को ट्रैफिक नियमों की जानकारी होनी चाहिए। तिराहे-चौराहे पर किस तरह वाहन को मोड़े, कैसे ओवरटेक करें, वाहन को साइड दें और कौन से एरिया में किस गति में वाहन चलाना चाहिए। सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें। इस कार्यक्रम के दौरान बस, टेंपो, मैजिक, ट्रक चालकों के अलावा रोडवेज और एआरटीओ दफ्तर का स्टाफ मौजूद रहा।