फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बदायूं: दो दिन में 138 मिमी बारिश, तीसरे दिन भी नहीं थमी, सड़कों पर जलभराव, फसलों को नुकसान

Sun, 27 Sep 2026 01:27 PM IST
Mukesh Kumar संवाद न्यूज एजेंसी, बदायूं

सार

बदायूं जिले में लगातार तीसरे दिन भी बारिश जारी रही। बीते दो दिन में 138 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। इससे जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। खरीफ की फसलों को भारी नुकसान पहुंचा है। शहर में जलभराव और बिजली आपूर्ति बाधित होने से लोगों को परेशानी हुई।
विज्ञापन
बारिश के कारण नेकपुर अंडरपास में भरा पानी - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

बदायूं जिले में लगातार तीसरे दिन भी बारिश का सिलसिला जारी है। बीते दो दिन में 138 मिलीमीटर बारिश दर्ज की जा चुकी है। लगातार बारिश से जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है। खेतों में पानी भरने से खरीफ की फसलों को भी भारी नुकसान पहुंचा है। कई स्थानों पर फसलें गिर गई हैं और खेतों में जलभराव होने से किसानों की चिंता बढ़ गई है। 

विज्ञापन




रविवार को सुबह से रुक-रुककर बारिश होती रही। बारिश के चलते शहर की सड़कों और निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बनी रही। नेकपुर अंडरपास में भी काफी पानी भर गया। इससे अंडरपास से होकर निकलने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। पानी अधिक होने के कारण कई दोपहिया वाहन बीच रास्ते में ही बंद हो गए। 
विज्ञापन


यह भी पढ़ें- बरेली: स्मार्ट सिटी की सड़कें डूबीं, पॉश कॉलोनियों में भी भरा पानी, घर छोड़ने को मजबूर हुए लोग; तस्वीरें

वाहन सवारों को उतरकर पानी में वाहन खींचते हुए अंडरपास पार करना पड़ा। लगातार बारिश के कारण शहर के कई मोहल्लों में भी जलभराव की स्थिति है। नालियों का पानी सड़कों पर आने से लोगों को आवागमन में दिक्कत हुई। शनिवार को डीएम कार्यालय मार्ग पर चार यूकेलिप्टस के पेड़ गिर गए। वहीं बिजली के तार भी टूट गए। रोडवेज परिसर भी जलमग्न रहा। 

शनिवार को पेड़ों की चपेट में आने से बिजली के तार टूट गए। इससे कई मोहल्लों की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। वहीं रोडवेज परिसर में पानी भरने से यात्रियों को बसों तक पहुंचने के लिए पानी से होकर गुजरना पड़ा। लगातार बारिश से शहर के निचले इलाकों की स्थिति सबसे ज्यादा खराब रही। 

सड़कों पर भरा पानी 
जोगीपुरा, गांधी ग्राउंड रोड, नेकपुर, पनवाड़ी, शिवपुरम, जवाहरपुरी समेत कई स्थानों पर सड़क पर पानी जमा रहा। इससे वाहनों की रफ्तार धीमी हो गई। गलियों में जलभराव के कारण लोगों को घरों से निकलने में भी परेशानी हुई। गांधी ग्राउंड भी जलभराव से अछूता नहीं रहा। 

लगातार बारिश से रोडवेज परिसर में भी पानी भर गया। यात्रियों को बस में चढ़ने और उतरने के लिए जलभराव से होकर गुजरना पड़ा। बारिश के पानी के साथ सड़कों की गंदगी भी परिसर में पहुंच गई। इससे यात्रियों को परेशानी के साथ गंदगी का सामना करना पड़ा।

बिसौली इलाके में बिजली आपूर्ति प्रभावित 
बिसौली इलाके में ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति भी प्रभावित रही, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। तेज हवा और बारिश का सिलसिला जारी रहने से किसान फसल को लेकर चिंतित नजर आए। पशुपालकों की मुश्किलें भी बढ़ गईं। पशुओं को खुले में रखने और चारे की व्यवस्था करने में दिक्कत हुई।

बिल्सी में नगर पालिका बाजार, बिजलीघर रोड, खैरी बस स्टैंड, मोहल्ला संख्या पांच होली चौक समेत कई निचले इलाकों में जलभराव हो गया, जिससे लोगों को आवागमन में परेशानी हुई। कई स्थानों पर कीचड़ सड़कों पर फैल गया, जिससे फिसलन बढ़ने के साथ यातायात भी प्रभावित रहा। 
विज्ञापन

बाजारों में भरा पानी, 50 फीसदी दुकानें रहीं बंद 
दो दिन से लगातार हो रही बारिश ने शहर के बाजारों की रौनक छीन ली है। शनिवार को बारिश के चलते शहर में 50 फीसदी से अधिक दुकानें नहीं खुलीं, जिससे कारोबार बुरी तरह प्रभावित रहा। शनिवार सुबह से हो रही तेज बारिश के कारण व्यापारी दुकानों तक नहीं पहुंच सके। मुख्य बाजारों, मोहल्लों और निचले इलाकों में जलभराव हो गया। 

कई निचली दुकानों में पानी घुस गया, जिससे दुकानों में रखा सामान भीग गया और व्यापारियों को नुकसान उठाना पड़ा। दुकानदार नीरज कोचर ने बताया कि ग्राहक बाजार में नहीं पहुंच रहे हैं, इसलिए दुकान खोलने का कोई मतलब नहीं। लगातार बारिश से थोक और फुटकर कारोबार दोनों प्रभावित हुए हैं। कपड़ा, सर्राफा और इलेक्ट्रॉनिक्स बाजार में सबसे ज्यादा असर देखने को मिला। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें